बलबीर से बरामद देशी कट्टे की जांच में सामने आया नाम, मेहाड़ा पुलिस ने दबोचा
खेतड़ी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
आचार संहिता के दौरान अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेहाड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार सप्लायर के वांछित आरोपी अजय कुमार उर्फ धोलू को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियार सप्लाई के नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों के संबंध में अनुसंधान कर रही है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जिला झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा खेतड़ी वृताधिकारी राजेन्द्र कुमार बुरडक के सुपरविजन में की गई। मेहाड़ा थाना प्रभारी रामनारायण चोयल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक 2 अगस्त 2026 को मेहाड़ा थाना पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बांसियाल से कुड़ी की ढाणी जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई की थी। इस दौरान बलबीर पुत्र मातादीन, उम्र 41 वर्ष, निवासी ढाणी बड़ियाला, तन बांसियाल के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान बलबीर ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त अवैध देशी कट्टा अजय उर्फ धोलू पुत्र गिरधारी, निवासी ढाणी राजाला, तन बांसियाल से लिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में अजय उर्फ धोलू की तलाश शुरू की । लगातार तलाश और अनुसंधान के बाद पुलिस टीम ने 24 अगस्त 2026 को अवैध हथियार सप्लायर के वांछित आरोपी अजय कुमार उर्फ धोलू पुत्र गिरधारी, निवासी बांसियाल, थाना मेहाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा प्रकरण में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में मेहाड़ा थाना प्रभारी रामनारायण चोयल, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश, कांस्टेबल विकास , कांस्टेबल रोहिताश (विशेष योगदान) तथा कांस्टेबल नरेन्द्र शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।











