Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं एसएस मोदी में खेल प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन, विजेताओं के सम्मान के...

एसएस मोदी में खेल प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन, विजेताओं के सम्मान के साथ ट्राई गेम्स टूर्नामेंट का समापन

तीन दिन तक बास्केटबॉल, बैडमिंटन और रोलर स्केटिंग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल व नकद पुरस्कार से किया सम्मानित

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार में 20 से 22 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय अंतरविद्यालयी स्व. श्री सूर्यकांत मोदी मेमोरियल चतुर्थ ट्राई गेम्स टूर्नामेंट – 2026 ( अंडर-14 ) का शनिवार को फाइनल मुकाबलों एवं विजेता खिलाड़ियों के सम्मान के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने बास्केटबॉल, बैडमिंटन एवं रोलर स्केटिंग में अपनी खेल प्रतिभा, तकनीक, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि अमन गुप्ता, चीफ फाइनेंस ऑफिसर तथा विशिष्ट अतिथि जेजेटी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार अजीत सिंह रहे। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। खेल प्रभारी मुकेश वर्मा ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिनों तक अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मैदान पर हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, धैर्य एवं टीम भावना का विकास करना रहा।

बास्केटबॉल में टैगोर पब्लिक स्कूल और सोफिया स्कूल का दबदबा

फाइनल मुकाबलों में बास्केटबॉल बालक वर्ग में टैगोर पब्लिक स्कूल, गुढ़ागौड़जी ने प्रथम स्थान हासिल किया। जीबी मोदी विद्या मंदिर, बाकरा द्वितीय तथा टैगोर बाल निकेतन स्कूल, गुढ़ागौड़जी तृतीय स्थान पर रहा।बास्केटबॉल बालिका वर्ग में सोफिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खेतड़ी नगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एसएस मोदी विद्या विहार द्वितीय तथा शेखावाटी पब्लिक सेकेंडरी स्कूल, लोसल तृतीय स्थान पर रहा।

बैडमिंटन में मोदी वर्ल्ड स्कूल ने मारी बाजी

बैडमिंटन बालक एवं बालिका टीम स्पर्धा में मोदी वर्ल्ड स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एसएस मोदी विद्या विहार द्वितीय तथा नरेन्द्र एकेडमी तृतीय स्थान पर रही। बैडमिंटन बालक व्यक्तिगत स्पर्धा में लोकेश प्रथम, आदित्य द्वितीय एवं लक्ष्य तृतीय रहे। वहीं बालिका व्यक्तिगत स्पर्धा में मोदी वर्ल्ड स्कूल की काव्या ने प्रथम, भूमि वर्मा ने द्वितीय तथा स्तुति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में मेजबान एसएस मोदी विद्या विहार प्रथम, प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय तथा जीबी मोदी पब्लिक सी. सै. स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।

विजेताओं पर बरसी पुरस्कारों की सौगात

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली विजेता टीमों को क्रमशः 5100, 3100 एवं 2100 रूपये की नकद पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

खेल जीवन में अनुशासन और संघर्ष की सीख देते हैं : अमन गुप्ता

मुख्य अतिथि अमन गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व और निरंतर प्रयास की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन हैं। मैदान पर खिलाड़ी हार के बाद जिस तरह दोबारा प्रयास करता है और जीत के बाद भी अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए मेहनत करता है, वही दृष्टिकोण जीवन की अन्य चुनौतियों में सफलता का आधार बनता है। विशिष्ट अतिथि अजीत सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई और खेल को एक-दूसरे का विकल्प नहीं मानना चाहिए, बल्कि दोनों के बीच संतुलन बनाकर चलना चाहिए। नियमित खेल गतिविधियां विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाती हैं। उन्होंने कहा कि अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को व्यापक मंच पर प्रदर्शित करने तथा विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों से सीखने का अवसर देती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, खेल प्रशिक्षकों, निर्णायक मंडल एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य विजय मसीह ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा करते हुए सभी प्रतिभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों एवं निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एसएस मोदी विद्या विहार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। इस अवसर पर मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गीलुराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से विद्यालय परिसर में खेल भावना और उत्साह का माहौल बना रहा।

चूरू में 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी | अमन-चैन और भाईचारे का देगा संदेश | Churu News

 

Advertisement