Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं निकाय चुनाव में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता – कमल...

निकाय चुनाव में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता – कमल सिखवाल

भाजपा की बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, हर निकाय में ‘कमल’ खिलाने का संकल्प , कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क और सोशल मीडिया के जरिए प्रचार पर जोर

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक पाटोदिया भवन, झुंझुनूं में आयोजित हुई। बैठक में जिले की सभी नगरीय निकायों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने को लेकर चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटने और प्रत्येक निकाय में भाजपा का कमल खिलाने का आह्वान किया। बैठक का शुभारंभ मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। इस दौरान अतिथियों का दुपट्टा एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने निकाय चुनाव को लेकर बैठक की प्रस्तावना रखते हुए बताया कि सभी निकायों में चुनाव प्रबंधन समितियों, संयोजकों एवं सह-संयोजकों की घोषणा की जा चुकी है तथा विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।बैठक में पिलानी विधानसभा से प्रत्याशी रहे राजेश दहिया ने कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव की तैयारियों में पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ना है और प्रत्येक निकाय में भाजपा का कमल खिलाना है। पूर्व विधायक उदयपुरवाटी शुभकरण चौधरी ने निकाय चुनाव में सामने आने वाली संभावित चुनौतियों पर कार्यकर्ताओं से खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का मजबूत आधार तैयार है।

यमुना जल सहित जनहित की योजनाओं को बताया उपलब्धि

पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने कहा कि राज्य सरकार ने यमुना जल, विद्युतीकरण और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनहित के कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में झुंझुनूंवासियों को खेती एवं पेयजल के लिए यमुना का पानी उपलब्ध कराने की दिशा में तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है और केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रदेश में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़ ने कहा कि भाजपा का छोटा-बड़ा प्रत्येक कार्यकर्ता जनता का सेवक है और जनता की सेवा ही उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने का आह्वान किया। साथ ही निकाय चुनाव में आईटी एवं सोशल मीडिया के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की जनहितकारी योजनाओं को लेकर छोटे-छोटे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की अपील की।

‘कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़, समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगा पूरा सम्मान’

बैठक के मुख्य वक्ता कमल सिखवाल ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ की हड्डी होता है। अच्छे और समर्पित कार्यकर्ताओं के बिना कोई भी संगठन आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का सौभाग्य है कि उसके पास देशहित में कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम है। सिखवाल ने कहा कि आने वाले निकाय चुनावों में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके योगदान को पूरा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे जोश-खरोश के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने तथा प्रत्येक निकाय में भाजपा का कमल खिलाने का आह्वान किया।सह प्रभारी मुकेश गोयल ने अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श करते हुए बताया कि सभी निकायों की चुनाव प्रबंधन समितियों की बैठक आयोजित की गई । उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। हनुमानगढ़ प्रभारी दिनेश धाभाई ने भी बैठक में अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री वीरपाल सिंह शेखावत ने किया, जबकि धन्यवाद भाषण जिला महामंत्री योगेंद्र मिश्रा ने दिया। मंच पर प्रदेश द्वारा नियुक्त निकाय प्रभारी, पूर्व विधायक सुभाष पूनिया, जेपी चंदेलिया, रणवीर गुढ़ा , वीरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश खाजपुरिया, राजेंद्र शर्मा, सुभाष शर्मा, पवन मावंडिया , भाजपा जिला मीडिया प्रभारी ललित जोशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में भाजपा के सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान नेताओं ने आगामी निकाय चुनाव में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, घर-घर जनसंपर्क और सोशल मीडिया प्रचार के माध्यम से भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने पर विशेष जोर दिया।

चूरू में 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी | अमन-चैन और भाईचारे का देगा संदेश | Churu News

 

 

Advertisement