रास्ते को लेकर तकरार ने बढ़ाया तनाव, चाचा-भतीजे गिरफ्तार

घर में आने-जाने के रास्ते पर विवाद के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने; पुलिस ने शांति व्यवस्था के लिए कार्रवाई कर एसडीएम कोर्ट में किया पेश

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। सदर थाना क्षेत्र के गांव घंटेल में घर के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद उस समय गरमा गया, जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात बिगड़ने से पहले हस्तक्षेप करते हुए चाचा-भतीजे को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया।पुलिस के अनुसार घंटेल निवासी हनुमान सिंह ने शिकायत में बताया कि उसका भतीजा आकाश सिंह उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रहा है। आरोप है कि घर तक पहुंचने वाले रास्ते पर टैंक रखकर रास्ता अवरुद्ध किया गया था। साथ ही घर के सामने पशु बांधने की बात भी शिकायत में कही गई।शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान पूछताछ के दौरान आकाश सिंह ने कथित तौर पर हनुमान सिंह को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और स्थिति मारपीट तक पहुंचने की आशंका पैदा हो गई।

समझाइश के बाद भी नहीं थमा विवाद

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं होने पर एहतियातन कार्रवाई की गई। पुलिस ने 50 वर्षीय हनुमान सिंह और 19 वर्षीय आकाश सिंह को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।दोनों आरोपियों को बाद में एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित अप्रिय घटना को टालने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया गया।