सदर थाना पुलिस की कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज; हथियार के स्रोत और संभावित वारदात को लेकर जांच जारी
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


चूरू।चूरू जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।सदर थाना अधिकारी इंद्रलाल महर्षि के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रामसरा रोड पर अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रविंद्र कुमार नायक (32) निवासी सिरसिला, हाल मंगला कॉलोनी, चूरू को हिरासत में लिया।तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद हुई। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ सदर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लेकर आया था और इसे किसे देने वाला था। साथ ही पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में तो नहीं था।पुलिस के अनुसार पिछले एक महीने में सदर थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों से जुड़े तीन मामले दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।












