90 हजार मासिक वेतन का दिया था भरोसा, रूस पहुंचने पर न कंपनी मिली न वादा किया काम, चूरू कोतवाली में मामला दर्ज
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


चूरू। रूस की फूड पैकेजिंग कंपनी में आकर्षक नौकरी दिलाने का दावा कर दो युवकों से 6 लाख 86 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। नौकरी की उम्मीद में विदेश पहुंचे युवकों को कथित तौर पर वहां बताए गए रोजगार के बजाय दूसरा काम करना पड़ा। भारत लौटने के बाद रकम वापस मांगने पर भी समाधान नहीं हुआ तो दोनों ने चूरू कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार खारिया निवासी पंकज कुमार (26) और शक्ति सिंह (32) रोजगार की तलाश में थे। जून 2025 में उनकी मुलाकात नोमान खान से हुई। आरोप है कि नोमान ने रूस की एक फूड पैकेजिंग कंपनी में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और इसके बदले करीब 90 हजार रुपये मासिक वेतन, 8 घंटे की ड्यूटी तथा अन्य सुविधाओं का दावा किया। बताया गया कि नौकरी की प्रक्रिया के लिए दोनों युवकों ने अपने पासपोर्ट आरोपी को सौंप दिए। इसके बाद वीजा, इमीग्रेशन और टिकट सहित अन्य खर्चों के नाम पर अलग-अलग समय पर रकम ली गई। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों युवकों ने 44 हजार और 60 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे। इसके बाद फरवरी 2026 में अलग-अलग लोगों की मौजूदगी में 5 लाख 76 हजार रुपये नकद दिए गए। वहीं 50 हजार रुपये आरोपी के घर पहुंचाकर देने का आरोप है। इस तरह कुल रकम 6 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है।
रूस पहुंचे तो बदली नौकरी की तस्वीर
शिकायत के अनुसार मार्च 2026 में दोनों युवक रूस पहुंचे। वहां उन्हें वह फूड पैकेजिंग कंपनी नहीं मिली, जिसका नौकरी के लिए भरोसा दिया गया था। आरोप है कि दोनों को कम वेतन वाले दूसरे काम में लगा दिया गया। परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने पर दोनों युवक बाद में अपने खर्च पर भारत वापस लौट आए।भारत लौटने के बाद युवकों ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि काफी समय तक उन्हें टालमटोल के जवाब मिलते रहे और बाद में रुपये लौटाने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद दोनों युवकों ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, लेन-देन की जांच शुरू
चूरू कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 316(2) और 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर हंसराज को सौंपी गई है। पुलिस अब रकम के लेन-देन, विदेश भेजने की प्रक्रिया, नौकरी के वादे और रूस में उपलब्ध कराए गए रोजगार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।












