हनुमानगढ़ में आरएलपी ने संगठन विस्तार पर किया मंथन

जिला प्रभारी डॉ. विवेक माचरा का स्वागत, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने का आह्वान

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हनुमानगढ़। हिमांशु ​मिड्ढा
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के जिला प्रभारी डॉ. विवेक माचरा के हनुमानगढ़ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विजय बेनीवाल के नेतृत्व में उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की तैयारियों तथा जिले से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
बैठक में डॉ. विवेक माचरा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं में होती है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और शहर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंच बनानी होगी। आमजन से निरंतर संवाद कायम कर उनकी समस्याओं को समझना तथा उन समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच पर उठाना जरूरी है।उन्होंने कहा कि आरएलपी हमेशा आमजन के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। किसानों, युवाओं, मजदूरों, व्यापारियों और आम नागरिकों से जुड़े विषयों को मजबूती के साथ उठाकर उनके समाधान के लिए संघर्ष किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं की जानकारी लें और जरूरत पड़ने पर संघर्ष का रास्ता अपनाएं।जिलाध्यक्ष विजय बेनीवाल ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि आरएलपी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और भविष्य में भी किसानों, युवाओं, मजदूरों सहित आमजन की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद करती रहेगी।बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी दिनों में पार्टी की गतिविधियों को विस्तार देने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा।इस अवसर पर पोखर मेव, प्रभु पचार, वीरेंद्र मेघवाल, जयसिंह बेनीवाल, संजय सिंह, राजेश बैरड, नारायण स्वामी, विनोद माली सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।