21 अगस्त से जिला कलेक्ट्रेट के सामने आंदोलन की घोषणा, किसानों ने कहा—हक मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
अटल भूजल योजना के तहत डिग्गियों के लिए स्वीकृत अनुदान राशि किसानों के खातों में नहीं आने को लेकर किसानों में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है। अनुदान राशि का भुगतान नहीं होने से परेशान किसानों ने अब आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है। इसी संबंध में भारतीय किसान यूनियन की बैठक मंगलवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित कृषि विभाग कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में किसानों ने अपनी समस्याओं पर चर्चा करते हुए आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की।बैठक को भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष रेशम सिंह माणुका तथा प्रदेश सचिव राय साहब चाहर मल्लड़खेड़ा ने संबोधित किया। पदाधिकारियों ने कहा कि अटल भूजल योजना के तहत किसानों ने सरकार की गाइडलाइन के अनुसार डिग्गियों का निर्माण करवाया, लेकिन लंबे समय से अनुदान राशि का भुगतान नहीं होने के कारण किसान आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। किसानों का कहना है कि योजना के तहत मिलने वाली राशि उनके लिए महत्वपूर्ण है और भुगतान में अनावश्यक देरी से उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है।किसान नेताओं ने कहा कि कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों व सत्तासीन पार्टियों के आला नेताओ के समक्ष समस्या रखी जा चुकी है, लेकिन अभी तक किसानों को राहत नहीं मिली है। इससे किसानों में सरकार और विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि किसानों की अनुदान राशि का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो 21 अगस्त से जिला कलैक्ट्रेट के समक्ष महापड़ाव शुरू किया जाएगा।किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा, लेकिन जब तक किसानों की मांग पूरी नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी स्थिति में उनके अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। किसानों ने दो टूक कहा कि आचार संहिता लागू हो या कोई अन्य परिस्थिति बने, वे अपने हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।बैठक में मौजूद किसानों ने प्रशासन से मांग की कि अटल भूजल योजना के तहत लंबित अनुदान राशि का तत्काल भुगतान करवाया जाए तथा किसानों को राहत दी जाए। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 21 अगस्त से प्रस्तावित महापड़ाव को व्यापक रूप दिया जाएगा। बैठक में रविन्दर सिंह , अमरिंदर खोसा अनिल पिलानिया , विनोद साई, इंद्राज साई, हैप्पी बुटर, मोहित मूंड, विक्रम सिंह मूंड, मलकित सिंह, अंग्रेज सिंह, प्रगट सिंह, बंसी पुनिया, नरेश खिलेरी ब्रजेस गोदारा, रामरत्न माली, दीनदयाल शर्मा, बलराम, राजेंद्र, राजवीर माली, दलीप सिहाग, ज़ाकिर हुसैन, संदीप कंग, सुभास गोदारा, रेशम सिंह माणुका, दयाराम मूंड सहित बड़ी संख्या में किसान एवं भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।













