Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं साइड देने की मामूली बात बनी खूनी संघर्ष का कारण: बुहाना मोड़...

साइड देने की मामूली बात बनी खूनी संघर्ष का कारण: बुहाना मोड़ पर दो गुटों में हुई खूनी भिड़ंत

हरियाणा निवासी जीतराम व पालोता के देवेंद्र गंभीर घायल, झुंझुनूं रेफर; ब्रेजा कार में तोड़फोड़, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

सिंघाना। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सिंघाना थाना क्षेत्र के व्यस्त बुहाना मोड़ पर देर रात वाहन को साइड देने की मामूली बात ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, घटना के दौरान हरियाणा नंबर की एक ब्रेजा कार में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सिंघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए घायलों को तत्काल राजकीय अस्पताल सिंघाना पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए झुंझुनूं रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार मारपीट में हरियाणा के खैरोली निवासी जीतराम (27) तथा सिंघाना थाना क्षेत्र के पालोता गांव निवासी देवेंद्र (25) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का झुंझुनूं में उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद वाहन को साइड देने की बात से शुरू हुआ था। कुछ ही मिनटों में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे तथा अन्य वस्तुओं से हमला किया गया। घटना के दौरान हरियाणा नंबर की ब्रेजा कार को भी निशाना बनाते हुए उसमें व्यापक तोड़फोड़ की गई। मारपीट और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। क्षतिग्रस्त ब्रेजा कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान में जुटी है।सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन को साइड देने की बात को लेकर विवाद होना सामने आया है। वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उनकी पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर मामला दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

रोड पर स्टंट किया तो अब होगा मुकदमा | युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त | CI गौरव खिड़िया की चेतावनी

 

Advertisement