चालान की जगह हेलमेट देकर पचेरीकलां पुलिस ने दिया ‘सुरक्षा का उपहार’

तीज पर्व पर सड़क सुरक्षा की अनूठी पहल, महिलाओं व पुरूषों को नि:शुल्क हेलमेट व पुष्प किए वितरित

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

पचेरीकलां । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पचेरीकलां पुलिस ने अनूठी एवं सराहनीय पहल की है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को रोककर चालान करने के बजाय उन्हें सुरक्षा उपकरण के रूप में नि:शुल्क हेलमेट भेंट कर जीवन रक्षा का संदेश दिया। तीज पर्व के अवसर पर आयोजित इस पहल में महिलाओं एवं पुरूषों को हेलमेट व पुष्प देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। थानाधिकारी लक्ष्मीनारायण ने बताया कि त्यौहारों पर उपहार देने की परंपरा रही है। इसी परंपरा को आधुनिक संदर्भ में सड़क सुरक्षा से जोड़ते हुए समाजसेवियों के सहयोग से दोपहिया वाहन चालकों को ‘सुरक्षा का उपहार’ दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमों के प्रति जागरूक कर दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना भी है।

‘हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें’ का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं पुरूषों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट के महत्व के बारे में बताया। पुलिस ने अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने। हेलमेट केवल यातायात नियमों की पालना नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है। पुलिस ने वाहन चालकों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात नहीं करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने का आग्रह किया गया। थानाधिकारी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय सिर की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसी भावना के साथ तीज के पावन पर्व पर महिलाओं एवं पुरूषों को हेलमेट देकर इसे सुरक्षा के उपहार के रूप में प्रदान किया गया। पचेरीकलां पुलिस की इस पहल ने पुलिस और आमजन के बीच जागरूकता एवं विश्वास की एक सकारात्मक मिसाल पेश की। लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों की पालना का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विक्रम सिंह, कृष्ण कुमार, वीरेंद्र, नवीन कुमार, रणवीर सिंह, हनुमान सिंह, नरेश कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

चूरू में 100 फुटवियर कारीगरों को टूल किट और प्रमाण पत्र | राठौड़-सहारण ने किया सम्मानित