अवैध खनन पर झुंझुनूं पुलिस का बड़ा प्रहार

एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में तीन थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, चेजा पत्थर से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और 60 टन बजरी से भरा डम्पर जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले में अवैध खनन एवं खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरा चेजा पत्थर तथा 60 टन अवैध बजरी से भरा 12 चक्का डम्पर जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान रणजीत सिंह, दाताराम और मोहन सिंह को गिरफ्तार किया गया। लगातार हुई इन कार्रवाइयों से अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। झुंझुनूं एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा संबंधित वृत्ताधिकारियों के निकटतम सुपरविजन में गुढ़ागौड़जी, मेहाड़ा और मण्ड्रेला थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

गुढ़ागौड़जी में चेजा पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी

पुलिस थाना गुढ़ागौड़जी ने 15 अगस्त को नायरा पेट्रोल पम्प के पास नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर के महिन्द्रा 266 डीआई ट्रैक्टर को रोककर जांच की। ट्रॉली में सफेद चेजा पत्थर भरा हुआ मिला। चालक से पत्थर परिवहन संबंधी वैध रवन्ना एवं लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने रणजीत सिंह पुत्र स्व. गोपाल सिंह, उम्र 37 वर्ष, निवासी बाडोतिया की ढाणी, डूडी नगर, तन ढाणिया भौड़की को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली। कार्रवाई थानाधिकारी इन्द्रप्रकाश के नेतृत्व में हुई। टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार एवं कांस्टेबल श्रवण कुमार शामिल रहे।

मेहाड़ा में 60 टन बजरी से भरा डम्पर जब्त

मेहाड़ा थाना पुलिस ने 15 अगस्त को इलाखर रोड, टीब्बा बसई में कार्रवाई करते हुए बिना टीपी, रवन्ना और रसीद के परिवहन की जा रही 60 टन बजरी से भरा 12 चक्का डम्पर जब्त किया। पुलिस ने चालक दाताराम पुत्र गुरजाराम, उम्र 34 वर्ष, निवासी किशोरपुरा, तहसील बानसूर-बामनवास, जिला अलवर, हाल जिला कोटपूतली-बहरोड़ को गिरफ्तार किया। कार्रवाई थानाधिकारी रामनारायण के नेतृत्व में की गई। टीम में एचसी भीमकोर, कांस्टेबल रोहिताश, महेन्द्र, संदीप कुमार एवं चालक कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल रहे।

मण्ड्रेला में नारी पहाड़ क्षेत्र से लाया जा रहा चेजा पत्थर पकड़ा

मण्ड्रेला थाना पुलिस ने 16 अगस्त को गोवली रोड, तन बदनगढ़ में ट्रैक्टर नंबर आरजे 18 आरए 9590 एवं ट्रॉली नंबर आरजे 18 ईवी 0562 को रोककर जांच की। ट्रॉली में चेजा पत्थर भरा मिला। चालक मोहन सिंह पुत्र बुद्वराम, उम्र 40 वर्ष, निवासी जोधा का बास, थाना चिड़ावा वैध रवन्ना एवं अनुज्ञापत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में उसके द्वारा पत्थर नारी पहाड़ क्षेत्र से लाना बताया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर मोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई थानाधिकारी कैलाशचन्द के नेतृत्व में हुई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार एवं चालक कांस्टेबल रामनिवास शामिल रहे।

एसपी सागर के निर्देशन में अवैध खनन पर लगातार शिकंजा

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में जिले में अवैध खनन एवं खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। तीनों मामलों में वाहन जब्त करने के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

चूरू में 100 फुटवियर कारीगरों को टूल किट और प्रमाण पत्र | राठौड़-सहारण ने किया सम्मानित