Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ भटनेर किंग्स क्लब का रक्तदान शिविर जनजागरण अभियान शुरू, जिला कलेक्टर ने...

भटनेर किंग्स क्लब का रक्तदान शिविर जनजागरण अभियान शुरू, जिला कलेक्टर ने किया पोस्टर का विमोचन

9 अगस्त को स्थापना दिवस पर होगा विशाल रक्तदान शिविर, युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
भटनेर किंग्स क्लब के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सात दिवसीय सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 9 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर के लिए सोमवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने जनजागरण पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्लब की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि भटनेर किंग्स क्लब समाज में सेवा, जागरूकता और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।जिला कलेक्टर ने कहा कि “रक्तदान किसी भी व्यक्ति द्वारा किया जाने वाला सबसे बड़ा मानवीय दान है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और किसी जरूरतमंद को समय पर उपलब्ध रक्त उसके जीवन की रक्षा कर सकता है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए।”उन्होंने क्लब द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली भटनेर प्रीमियर लीग (बीपीएल) की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना सिखाने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि “आज आवश्यकता है कि युवा अपना समय खेल, सेवा और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाएं। यही स्वस्थ और सशक्त समाज की पहचान है।”इस अवसर पर राजस्थान प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने कहा कि “भटनेर किंग्स क्लब का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा की ऐसी संस्कृति विकसित करना है जिसमें प्रत्येक युवा स्वयं को समाज के प्रति उत्तरदायी महसूस करे। रक्तदान शिविर मानवता की सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है और हमें विश्वास है कि इस बार भी बड़ी संख्या में रक्तवीर इस महाअभियान से जुड़ेंगे।”क्लब के संरक्षक आशीष विजय ने कहा कि “क्लब की स्थापना समाज सेवा के उद्देश्य से हुई थी और आज यह संगठन सेवा, खेल, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता जैसे अनेक क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है। हमारा प्रयास है कि युवा अपनी ऊर्जा समाजहित में लगाएं और सेवा को जीवन का संस्कार बनाएं।”क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रमों में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को आयोजित होने वाला विशाल रक्तदान शिविर क्लब के सेवा अभियान का प्रमुख कार्यक्रम होगा। उन्होंने सभी युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया।कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन दे सकती है। इसलिए स्वस्थ नागरिकों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समाज सेवा और खेल संस्कृति को बढ़ावा देकर ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।इस अवसर पर राजस्थान प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, क्लब संरक्षक आशीष विजय, अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल, कोषाध्यक्ष दारा सिंह, उपाध्यक्ष कपिल गोयल, सचिव सतनाम सिंह, सतविंदर सिंह, गुरुमंगत सिंह, इंद्र सिंधी, गौरव बेनीवाल सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement