टाउन थाने का घेराव, गिरफ्तारी तक धरने से नहीं उठने की चेतावनी
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
गांव गुरुसर के निकट नंदी महाराज के साथ कथित रूप से हुई बेरहमी से मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज बजरंग दल और गोरक्षकों ने मंगलवार को टाउन पुलिस थाना का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में गौभक्तों ने थाना परिसर के बाहर धरना देते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और मांग की कि मामले में नामजद सहित सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन और धरना जारी रहेगा।बजरंग दल के गोरक्षा प्रमुख कुलदीप नरूका तथा गोसेवक विजय पाटोदिया ने बताया कि 31 जुलाई को गांव गुरुसर के पास नंदी महाराज के साथ अमानवीय तरीके से मारपीट की घटना सामने आई थी। इस संबंध में टाउन पुलिस थाने में दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। उन्होंने कहा कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है और न ही जांच में अपेक्षित प्रगति दिखाई दे रही है, जिससे गौभक्तों में भारी रोष व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर कई बार थाना प्रभारी से मुलाकात कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन आश्वासन के अलावा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना था कि यदि ऐसे मामलों में समय पर और सख्त कार्रवाई नहीं होगी तो असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ेंगे और गोवंश के साथ क्रूरता की घटनाओं की पुनरावृत्ति होती रहेगी।गोरक्षा प्रमुख कुलदीप नरूका ने कहा कि संगठन की मांग पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि नंदी महाराज के साथ हुई घटना अत्यंत गंभीर है और इसमें शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा जिलेभर के गौभक्तों को इसके लिए संगठित किया जाएगा।गौरतलब है कि इस मामले में नरेन्द्र कुमार पुत्र गणेशाराम जाट निवासी चक 9 एसएसडब्ल्यू, गुरुसर की रिपोर्ट पर टाउन पुलिस ने सिपा सिंह पुत्र मेजर सिंह एवं मेजर सिंह पुत्र ज्ञानसिंह निवासी गुरुसर के खिलाफ राजस्थान गोवंशीय पशु नियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गौसेवकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में लगातार नाराजगी बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।














