हिस्ट्रीशीटरों, तस्करों व यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई



ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी रणनीति तय करने के उद्देश्य से मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, समस्त वृताधिकारी एवं जिले के सभी थानाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने जिले में लंबित प्रकरणों, अपराध की स्थिति तथा कानून-व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुराने मामलों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने वांछित एवं सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले के हिस्ट्रीशीटरों (एच.एस.) की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरूद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक में यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता का सख्ती से पालन कराने, ओवरलोडिंग, तेज गति एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने अवैध हथियारों, शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त अपराधियों के विरूद्ध निरंतर एवं कठोर अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाए। महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्ग के विरूद्ध होने वाले अपराधों के मामलों का संवेदनशीलता, गंभीरता एवं प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र दस्तयाबी के लिए विशेष टीमें गठित कर अधिकतम सफलता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। झूठे एवं मिथ्या मामलों में न्यायालय में इस्तगासे प्रस्तुत कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक के समापन पर एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि पुलिस की कार्यशैली में गुणवत्ता, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनविश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने और अपराध मुक्त एवं सुरक्षित झुंझुनूं के लक्ष्य के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़े :— सघन हैल्थ स्क्रीनिंग अभियान : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 6208 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
चंदेल नगर में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान | जलदाय विभाग को आंदोलन की चेतावनी | Churu News











