शराब के पैसों के विवाद में पत्नी की हत्या, शव बक्से में छिपाया

हाथ बांधे, पैर तोड़कर बक्से में ठूंसा; चार दिन तक 16 वर्षीय बेटे को गुमराह करता रहा पिता, दुर्गंध से खुला सनसनीखेज हत्याकांड

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

सूरजगढ़। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। जानकारी के अनुसार शराब के लिए रूपए नहीं देने पर एक पति ने अपनी पत्नी की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके दोनों हाथ बांध दिए और पैर तोड़कर बक्से में ठूंस दिया और चार दिन तक घर में ही शव छिपाए रखा। इस दौरान वह अपने 16 वर्षीय बेटे को लगातार यह कहकर गुमराह करता रहा कि उसकी मां कहीं बाहर गई हुई है। चौथे दिन बक्से से उठी तेज दुर्गंध ने पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि अगवाना खुर्द निवासी कृष्ण कुमार जाट (40) का शनिवार को अपनी पत्नी सिलोचना (34) से शराब पीने के लिए रूपए मांगने को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित रूप से उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने सबूत मिटाने की नीयत से महिला के दोनों हाथ बांध दिए और शव को बक्से में समाने के लिए उसके पैर तोड़कर उसे बक्से में बंद कर दिया।

बेटा पूछता रहा मां के बारे में, पिता देता रहा झूठे जवाब

घटना के समय दंपती का 16 वर्षीय बेटा घर पर मौजूद नहीं था। जब वह वापस लौटा तो उसने मां के बारे में पूछा। आरोपी पिता ने उसे बताया कि उसकी मां कहीं बाहर गई हुई है। इसके बाद बेटा लगातार तीन दिनों तक मां के बारे में पूछता रहा, लेकिन आरोपी हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर उसे टालता रहा।वारदात के चौथे दिन मंगलवार सुबह घर में रखे बक्से से तेज दुर्गंध आने लगी। बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी ने गांव के एक व्यक्ति को पूरी घटना बता दी। उस व्यक्ति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बक्सा खुलवाया।पुलिस ने जब बक्सा खोला तो उसके भीतर महिला का शव बरामद हुआ। शव के दोनों हाथ बंधे हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शव को बक्से में ठूंसने के लिए उसके पैर तोड़े गए थे। चार दिन पुराना शव सड़-गल चुका था, जिससे पूरे घर में दुर्गंध फैल रही थी। थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि आरोपी पति कृष्ण कुमार जाट को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया है। हालांकि हत्या किस तरीके से की गई और इसमें किसी हथियार का इस्तेमाल हुआ या नहीं, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम एवं एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस के अनुसार कृष्ण कुमार जाट और सिलोचना का विवाह वर्ष 2009 में हुआ था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

यह भी पढ़े :— सघन हैल्थ स्क्रीनिंग अभियान : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 6208 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच 

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चंदेल नगर में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान | जलदाय विभाग को आंदोलन की चेतावनी | Churu News