


ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
हनुमानगढ़।हिमांशु मिढ्ढा
पीलीबंगा की निवर्तमान पार्षद शारदा पूनिया ने पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव के दौरान पालिकाध्यक्ष बनाने का भरोसा दिलाकर उनसे 60 लाख रुपये लिए गए, लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया। साथ ही आरोप लगाया कि एक वर्ष बीत जाने के बावजूद राशि वापस नहीं लौटाई गई।शारदा पूनिया ने अपने ज्ञापन में कहा कि उपचुनाव के समय उन्हें पालिकाध्यक्ष बनाए जाने का आश्वासन दिया गया था। इसी भरोसे पर उनसे 60 लाख रुपये लिए गए। उनका आरोप है कि राशि लेने के बाद न तो उन्हें पालिकाध्यक्ष बनाया गया और न ही उनकी राशि लौटाई गई। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से वह लगातार अपनी राशि वापस मांग रही हैं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता है।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगनी शुरू की तो उन्हें धमकियां दी जाने लगीं। शारदा पूनिया का कहना है कि हाल ही में आयोजित कांग्रेस की एक बैठक के दौरान भी उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक की ओर से उन्हें और उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी गई।निवर्तमान पार्षद ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक विधायक विनोद गोठवाल की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़े :— सघन हैल्थ स्क्रीनिंग अभियान : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 6208 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
चंदेल नगर में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान | जलदाय विभाग को आंदोलन की चेतावनी | Churu News












