क्वार्टर की छत पर गिरी विशाल शाखा, वर्षों से कार्रवाई की मांग के बावजूद प्रशासन मौन; क्षेत्रवासियों ने उठाया सुरक्षा का सवाल
खेतड़ीनगर। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ीनगर के आवासीय क्वार्टर क्षेत्र में स्थित एक वर्षों पुराने जर्जर पेड़ की सूखी और भारी शाखाएं अब स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर खतरा बन गई हैं। आए दिन पेड़ की डालियां टूटकर गिरने से लोगों में दहशत का माहौल है। हाल ही में पेड़ की एक विशाल शाखा अचानक टूटकर एक आवासीय क्वार्टर की छत पर जा गिरी। संयोगवश उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। क्षेत्रवासियों के अनुसार यह पेड़ काफी पुराना हो चुका है और उसकी कई शाखाएं पूरी तरह सूखकर कमजोर हो गई हैं। तेज हवा, बारिश या सामान्य मौसम में भी भारी डालियां टूटने का खतरा बना रहता है। आसपास बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं तथा बच्चों और बुजुर्गों की दिनभर आवाजाही रहती है। ऐसे में हर पल किसी अनहोनी की आशंका लोगों को सताए रहती है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार केसीसी नगर प्रशासन से पेड़ की खतरनाक शाखाओं की छंटाई कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग कर चुके हैं। बावजूद इसके अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पेड़ की छंटाई या आवश्यक तकनीकी परीक्षण नहीं कराया गया तो भविष्य में जनहानि जैसी गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि विशेषज्ञों की टीम से पेड़ का तत्काल निरीक्षण करवाकर उसकी सूखी एवं खतरनाक शाखाओं को हटाया जाए, ताकि आवासीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उनका कहना है कि किसी अप्रिय घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही आवश्यक कदम उठाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। फिलहाल क्वार्टरों में रहने वाले लोग हर बार तेज हवा और बारिश के दौरान भय के साए में रहने को मजबूर हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाला जा सके।













