जनसंख्या नियंत्रण में झुंझुनूं की ग्राम पंचायत पुरोहितों की ढाणी बनी मिसाल

सरपंच सरोज सोहू सम्मानित, पंचायत को मिला 50 हजार का पुरस्कार

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर अंबेडकर भवन में आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों और स्वास्थ्य कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पंचायत समिति झुंझुनूं की ग्राम पंचायत पुरोहितों की ढाणी को सबसे कम जनसंख्या वृद्धि दर दर्ज करने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया।ग्राम पंचायत की सरपंच सरोज सोहू को उत्कृष्ट नेतृत्व और जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पंचायत को प्रोत्साहन स्वरूप 50 हजार का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार कल्याण कार्यक्रमों को सफल बनाने में ग्राम पंचायतों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि पुरोहितों की ढाणी ग्राम पंचायत ने जनजागरूकता और प्रभावी कार्यशैली के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद नरेंद्र खींचड़, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे। सम्मान प्राप्त करने के बाद सरपंच सरोज सोहू ने कहा कि यह सम्मान पूरी ग्राम पंचायत, आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग की टीम और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी परिवार कल्याण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जनसंख्या स्थिरीकरण से जुड़े अभियानों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। विश्व जनसंख्या दिवस पर मिला यह सम्मान न केवल ग्राम पंचायत पुरोहितों की ढाणी की उपलब्धि है, बल्कि ग्रामीण स्तर पर जनजागरूकता, जनसहभागिता और प्रभावी नेतृत्व की एक प्रेरणादायक मिसाल भी है।