झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के लिए प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों की जांच एवं कम्प्यूटर में इन्द्राज के लिए कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। सीएमएचओ द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, निदेशक (अराजपत्रित) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम (2 वर्ष, जिसमें 6 माह की इंटर्नशिप भी शामिल है) के लिए प्रवेश आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 7 सितंबर 2026 निर्धारित है। आवेदन पत्रों की प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपादित करने के लिए सहायक प्रशासनिक अधिकारी श्री रवि देवान को प्राप्त समस्त आवेदन फॉर्म की जांच कर कम्प्यूटर में इन्द्राज करने का दायित्व सौंपा गया है।वहीं कनिष्ठ सहायक श्रीमती सविता कुमारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री इतिराज को प्राप्त आवेदन फॉर्मों का आवक रजिस्टर में इन्द्राज करने की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों कार्मिक प्रतिदिन प्राप्त आवेदन पत्रों का आवक रजिस्टर में इन्द्राज कर सहायक प्रशासनिक अधिकारी को प्रस्तुत करेंगे। सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने संबंधित कार्मिकों को सौंपे गए कार्य को समयबद्ध एवं निष्पक्ष रूप से संपादित करने तथा आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
2 साल से अलग दंपती फिर साथ आए ❤️ | काउंसलिंग से सुलझा पारिवारिक विवाद | Churu News










