Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं रजत जयंती वर्ष में एसएस मोदी विद्या विहार का दो दिवसीय भव्य...

रजत जयंती वर्ष में एसएस मोदी विद्या विहार का दो दिवसीय भव्य वार्षिकोत्सव

झुंझुनूं के एसएस मोदी विद्या विहार में रजत जयंती वर्ष के तहत आयोजित होने वाले 26वें वार्षिकोत्सव का सांस्कृतिक आयोजन, जिसमें एनसीसी परेड, राजस्थानी लोकनृत्य और विज्ञान प्रदर्शनी शामिल हैं।

राजस्थान की माटी से लेकर जीव-जगत तक दिखेगा संस्कृति और संवेदना का संगम, 3 और 5 नवंबर को सजेगा सांस्कृतिक वैभव का मंच , सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला व डॉ. सतीश पूनियां सहित कई दिग्गज होंगे शामिल , एनसीसी परेड, गार्ड ऑफ ऑनर, मार्शल आर्ट, राजस्थानी लोकनृत्य और विज्ञान प्रदर्शनी रहेंगे खास आकर्षण

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार अपने रजत जयंती वर्ष के अवसर पर 26वां वार्षिक उत्सव दो दिवसीय भव्य आयोजन के रूप में मनाने जा रहा है। विद्यालय परिसर में 3 नवंबर और 5 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले इस समारोह में भारतीय संस्कृति, राजस्थान की गौरवशाली विरासत, प्रकृति संरक्षण और जीव-जगत के प्रति संवेदनशीलता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

वार्षिक उत्सव की थीम ‘सत्यस्पर्वा पृथ्वी : जीव कुटुम्बकम्’ और ‘राजस्थान : मेरी माटी मेरा मान’ रखी गई है। विद्यालय के प्राचार्य विजय मसीह ने बताया कि दोनों ही दिन समारोह की शुरूआत शाम 4 बजे मुख्य अतिथियों के स्वागत के साथ होगी। 3 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सत्यस्पर्वा-जीव कुटुम्बकम्’ समारोह की अध्यक्षता झुंझुनूं सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला करेंगे।

कमांडर प्रियंका चौधरी मुख्य अतिथि तथा झुंझुनूं नगर परिषद सभापति अब्दुल्लाह अगवान विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं, 5 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सत्यस्पर्वा-राजस्थान : मेरी माटी मेरा मान’ समारोह की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनियां करेंगे।

इसके मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल वीके चतुर्वेदी, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम (सेवा मेडल) एवं अध्यक्ष, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, नई दिल्ली होंगे। झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

समारोह को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए विद्यार्थियों की ओर से विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुख्य अतिथियों का स्वागत एनसीसी परेड एवं गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया जाएगा। आउटडोर डिस्प्ले, एनसीसी मार्च पास्ट, पीटी ड्रिल, मार्शल आर्ट, बैंड डिस्प्ले, राजस्थानी नृत्य, विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी तथा एनसीसी पारितोषिक वितरण समारोह के प्रमुख आकर्षण होंगे।

‘जीव कुटुम्बकम्’ थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थी विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से जीव-जंतुओं के विचरण, उनके जीवन संघर्ष और प्रकृति के साथ उनके संबंधों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से धरती पर मौजूद प्रत्येक जीव के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और सह-अस्तित्व का संदेश दिया जाएगा।

‘राजस्थान : मेरी माटी मेरा मान’ थीम पर आधारित दूसरे समारोह में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, वीरता और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। विद्यार्थी राजस्थानी लोकनृत्यों और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान के शौर्य, परंपराओं, संस्कृति और सांस्कृतिक वैभव को मंच पर साकार करेंगे। पूरा आयोजन राजस्थान की माटी के प्रति गौरव, सम्मान और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित रहेगा।

विद्यालय के लिए रजत जयंती वर्ष का यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। दो अलग-अलग विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, अनुशासन और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने के साथ ही उन्हें प्रकृति, राष्ट्र और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी, कनिका मोदी एवं विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने वार्षिक उत्सव की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। विद्यालय परिवार आयोजन को यादगार और भव्य बनाने की तैयारियों में जुटा हुआ है।

Advertisement