खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के जसरापुर स्थित वन पौधशाला में मानसून के दौरान क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर पौधे तैयार किए गए हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी पवन सिंह शेखावत के निर्देशन में इस वर्ष नर्सरी में कुल 62 हजार पौधे तैयार किए गए हैं, जिनका वितरण आमजन के लिए शुरू कर दिया गया है। नर्सरी प्रभारी ओमप्रकाश डाई एवं वनरक्षक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि प्री-मानसून की शुरूआत के साथ ही पौधों का वितरण किया जा रहा है। किसान, आमजन, ग्राम पंचायतें, सरकारी विभाग तथा निजी संस्थाएं प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नर्सरी से पौधे प्राप्त कर सकते हैं। नर्सरी में 2 से 5 फीट ऊंचाई तक के बेहतर गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि नर्सरी में फलदार, फूलदार और छायादार प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए हैं। फूलदार पौधों में गुलाब, चंपा, गुड़हल और अशोक शामिल हैं। वहीं फलदार पौधों में जामुन, अमरूद, शहतूत, पपीता, नींबू, आंवला, इमली, बेल, अनार और लेसवा के पौधे उपलब्ध हैं। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण एवं छाया के लिए उपयोगी पौधों में नीम, खेजड़ी, चुरहेल, गुल्लर, बकान, मीठा नीम, अर्जुन, पापड़ी, अरडू, करंज, केसिया श्यामा, गुलमोहर, शीशम, सिरस, सहजना, कचनार, पीपल, बहेड़ा, सेमल, प्लेटोफार्मा और लेम्बा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए हैं। वन विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष मानसून के दौरान बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम चलाया जाता है। इसी क्रम में इस बार भी पर्याप्त संख्या में पौधे तैयार किए गए हैं ताकि आमजन, सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों और सरकारी विभागों को आसानी से पौधे उपलब्ध कराए जा सकें। विभाग ने लोगों से अधिकाधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की है। नर्सरी से पौधों की बिक्री एवं वितरण कार्य शुरू हो चुका है।












