मेहाड़ा में ट्रैक्‍टर से टक्कर मारकर पिता की हत्‍या करने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जमीन विवाद में की थी वारदात

खेतड़ी । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
मेहाड़ा पुलिस ने देर शाम को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर अपने ही पिता की हत्या करने के मामले में बेटे को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। आरोपी बेटे ने जमीन के विवाद को लेकर ट्रैक्टर से टक्कर मारकर अपने ही पिता की हत्या कर दी थी। थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने बताया कि 26 जून को परिवादी राकेश निवासी बाढडा, हरियाणा ने रिपोर्ट दी कि दिनांक 25 जून की रात उसके साले शमशेर सिंह पुत्र महावीर निवासी ढोसी ने अपने पिता महावीर को गांव की सार्वजनिक धर्मशाला से घसीटते हुए बाहर सड़क पर लाकर मारपीट की तथा जान से मारने की नियत से अपने ट्रैक्टर से टक्कर मारकर उसकी हत्या कर दी। दोनों पिता-पुत्रों के बीच पिछले 2-3 वर्षों से घरेलू विवाद चल रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने विशेष टीम का गठन कर वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया था। इस दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी शमशेर सिंह ने बताया कि जमीन का बंटवारा करने को लेकर पिछले तीन साल से उनके बीच विवाद चल रहा है, जिसको लेकर वह दोनो अलग-अलग रहते थे। मृतक महावीर प्रसाद अपने हिस्से की 30 बीघा जमीन को अपने बेटी व बेटे की बराबर हिस्सेदारी चाहता था जबकि आरोपी शमशेर सिंह पूरी जमीन अपने नाम करवाना चाहता था। आए दिन होने वाले विवाद को कई बार रिस्तेदारो ने उन्हें बैठाकर समझाइश भी की थी। इसके बाद आरोपी ने अपने पिता को सबक सिखाने के लिए वारदात को अंजाम दे दिया। ट्रैक्टर की टक्कर लगने से महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया तथा उसकी मौत हो गई। थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। इस दौरान टीम में थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया, एएसआई पतराम, कांस्टेबल रोहिताश, कपिल, पंकज कुमार आदि शामिल थे।