जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की पहली कार्यकारिणी बैठक आयोजित, नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक गुरूवार को शहर स्थित कुरेशी होटल में आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एम.डी. चोपदार मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष उस्मान खान पठान ने की। प्रदेशाध्यक्ष के पहली बार झुंझुनूं आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष एम.डी. चोपदार ने कहा कि कांग्रेस एक बड़े परिवार की तरह है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को भारी बहुमत दिलाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। चोपदार ने दावा किया कि प्रदेश में चुनाव जब भी होंगे, कांग्रेस मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और जनता का विश्वास हासिल कर दो-तिहाई बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है और राज्य सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। इस दौरान उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में मस्जिदों और मदरसों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा सभी नागरिकों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी एक वर्ग को निशाना बनाकर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने के प्रयासों को कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी। चोपदार ने थार क्षेत्र के नेताओं उम्मेदाराम बेनीवाल और हरीश चौधरी द्वारा आयोजित सद्भाव सम्मेलन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और भाईचारे का सशक्त संदेश बताया। जिलाध्यक्ष उस्मान खान पठान ने कहा कि संगठन में जिन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उन्हें पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए जिलेभर में अभियान चलाया जाएगा। पठान ने प्रदेशाध्यक्ष एम.डी. चोपदार का साफा पहनाकर अभिनंदन किया तथा संगठन पर विश्वास जताने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। बैठक के दौरान जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में उदयपुरवाटी, गुढ़ा केड़, नवलगढ़, मुकुंदगढ़, मंडावा, मेहणसर, बिसाऊ, टाई, गांगियासर, मलसीसर, ख्याली, तमकोर, चिड़ावा, सूरजगढ़, पिलानी, खेतड़ी, पापूरना, बबाई, मंड्रेला, मालीगांव, हिरवा, अलसीसर, बगड़, इस्लामपुर, सुल्ताना सहित जिले के विभिन्न कस्बों और गांवों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन इमरान बड़गुजर ने किया, जबकि अंत में जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग झुंझुनूं ब्लॉक अध्यक्ष शब्बीर गहलोत ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई I










