ओपीडी, वार्ड, आईसीयू, ओटी और ब्लड बैंक का किया निरीक्षण; मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर परिणामों पर टीम को दी बधाई
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
जयपुर संभाग के संयुक्त निदेशक (स्वास्थ्य) डॉ. यदूराज सिंह नाथावत ने गुरूवार को जिले के सबसे बड़े राजकीय बीडीके अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, मेडिसिन एवं सर्जरी वार्ड, जनाना वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, टीकाकरण कक्ष और ब्लड बैंक का निरीक्षण कर मरीजों एवं चिकित्सकों से फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. नाथावत ने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता पर संतोष जताया। टीकाकरण कक्ष में यू-विन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों, ड्यूटी प्रबंधन और टीकाकरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों का भी जायजा लिया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि ब्लड बैंक प्रतिवर्ष करीब पांच हजार मरीजों को रक्त एवं रक्त घटक उपलब्ध करा रहा है। इस पर संयुक्त निदेशक ने सेवाओं की सराहना की। उन्होंने मेडिसिन और सर्जरी वार्ड में भर्ती मरीजों से उपचार संबंधी जानकारी ली तथा ओपीडी के अनुपात में भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। वार्डों में लगाए गए जंबो कूलरों की व्यवस्था को भी सराहनीय बताया। लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑपरेशन पूर्व एवं पश्चात प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने, पूर्व दिवस में ओटी सूची तैयार करने तथा प्रतीक्षा सूची बनाए रखने के निर्देश दिए। अस्पताल के पीएमओ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने बताया कि प्रतिदिन 2500 से अधिक ओपीडी होने के कारण एक अतिरिक्त काउंटर शुरू किया गया है तथा जल्द ही दो और काउंटर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आईसीयू में 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा लैब, एक्स-रे, सीटी स्कैन और ब्लड बैंक सेवाएं भी 24 घंटे संचालित की जा रही हैं। निरीक्षण के बाद आयोजित आरसीएच समन्वय समिति की बैठक में डॉ. नाथावत ने एएनसी पंजीकरण बढ़ाने, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के तहत उच्च जोखिम गर्भवतियों की पहचान और पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर के बेहतर आंकड़ों पर अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी। बैठक में रेडियोलॉजिस्ट एवं अस्थि रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने तथा ट्रॉमा सेंटर की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने संबंधी सुझाव भी मांगे गए। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ डॉ. जितेंद्र भाम्बू, डॉ. डी.एन. सिंह, डॉ. कमल अग्रवाल, डॉ. सिद्धार्थ शर्मा, डॉ. प्रियंका शेखसरिया, डॉ. नरेंद्र काजला, डॉ. श्यामलाल, डॉ. आकाश जाखड़, डॉ. नावीद, नर्सिंग अधीक्षक ओमप्रकाश जांगिड़, प्यारेलाल, कविता, सुभीता एवं सुभाष सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।










