Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं सैनिक एक्सप्रेस में सतर्क यात्री ने बचाई मासूम की जिंदगी, 5 वर्षीय...

सैनिक एक्सप्रेस में सतर्क यात्री ने बचाई मासूम की जिंदगी, 5 वर्षीय बच्चे के अपहरण की कोशिश नाकाम

दौसा निवासी आकाश की सूझबूझ से खुला राज, झुंझुनूं में आरपीएफ ने आरोपी को दबोचा

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
एक जागरूक यात्री की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता ने सैनिक एक्सप्रेस में सफर कर रहे पांच वर्षीय मासूम को उसके परिवार से बिछड़ने से बचा लिया। दिल्ली कैंट से जयपुर की ओर जा रही सैनिक एक्सप्रेस में बच्चे के लगातार रोने और उसके साथ मौजूद युवक के संदिग्ध व्यवहार पर संदेह होने पर दौसा निवासी एक यात्री ने पूछताछ की, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया। बाद में झुंझुनूं रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर बच्चे को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। जानकारी के अनुसार दिल्ली कैंट से जयपुर जाने वाली सैनिक एक्सप्रेस में एक युवक पांच वर्षीय बच्चे के साथ सवार हुआ था। ट्रेन में चढ़ने के बाद से ही बच्चा लगातार रो रहा था। उसी ट्रेन में अपने परिवार के साथ खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे दौसा निवासी आकाश, जो एक निजी पार्किंग कंपनी में कार्यरत हैं, की नजर बच्चे पर पड़ी। बच्चे की हालत और युवक का व्यवहार उन्हें संदिग्ध लगा । आकाश ने युवक से बच्चे के बारे में पूछताछ की तो उसने खुद को बच्चे का पिता बताया। लेकिन जब बच्चे की मां के बारे में पूछा गया तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। उसने कहा कि बच्चे की मां आसपास ही होगी, लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बावजूद कोई महिला सामने नहीं आई। इससे यात्रियों का संदेह और गहरा गया। यात्रियों ने जब युवक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने स्वीकार कर लिया कि वह बच्चे को दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन से अपने साथ लेकर आया है। यह सुनते ही ट्रेन में मौजूद यात्रियों में आक्रोश फैल गया। कुछ यात्रियों ने आरोपी की पिटाई भी कर दी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें आरोपी स्वयं को दिव्यांग बताते हुए सहानुभूति लेने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। मामले की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को दी गई। उस समय ट्रेन सूरजगढ़ रेलवे स्टेशन के आसपास पहुंच चुकी थी। शिकायत मिलने पर आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झुंझुनूं रेलवे स्टेशन पर संबंधित कोच की जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर आरपीएफ ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसी कलां निवासी 36 वर्षीय उमाशंकर पुत्र दीनबंधु को हिरासत में ले लिया तथा बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। आरपीएफ के एसआई अशोक कुमार यादव ने बताया कि मामले की सूचना दिल्ली कैंट जीआरपी को दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चा दिल्ली कैंट क्षेत्र के आसपास रहने वाले एक खानाबदोश परिवार का है। फिलहाल बच्चे और आरोपी को आरपीएफ की निगरानी में रखा गया है। बच्चे की मां के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई सीकर जीआरपी द्वारा की जाएगी। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बच्चे को दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन से उठाकर लाने की बात स्वीकार की है। उसने दावा किया कि वह बच्चे को अपने पास रखकर बड़ा करना चाहता था ताकि भविष्य में उसकी सेवा कर सके। हालांकि पुलिस उसकी मानसिक स्थिति, नशे की संभावना तथा अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

आकाश की सतर्कता बनी मासूम की ढाल

पूरे घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका दौसा निवासी आकाश की रही। यदि उन्होंने बच्चे के लगातार रोने और युवक के संदिग्ध व्यवहार को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर दिया होता तो यह मासूम अपने परिवार से दूर हो सकता था। उनकी सजगता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी ने न केवल एक संभावित अपहरण की घटना को विफल किया, बल्कि एक बच्चे का भविष्य भी सुरक्षित कर दिया।एक यात्री की जागरूकता ने साबित कर दिया कि सतर्क नागरिक समाज की सबसे बड़ी ताकत होते हैं।

Advertisement