जन्म-मृत्यु, विवाह, जनआधार और सफाई-रोशनी संबंधी शिकायतों का भी शिविर में हुआ तत्काल निस्तारण
मण्डावा । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत नगरपालिका मण्डावा परिसर में वार्ड संख्या 9 का शिविर आयोजित किया गया, जिसमें आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ प्रदान करते हुए समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर के दौरान त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश करते हुए एक पात्र आवेदक को उसी दिन कृषि भूमि का पट्टा जारी कर लाभान्वित किया गया। नगरपालिका मण्डावा के अधिशाषी अधिकारी लोकेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि अभियान के तहत अब तक दो कृषि भूमि पट्टे जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा जन्म, मृत्यु, विवाह एवं जनआधार से संबंधित आवेदनों के साथ-साथ सफाई एवं रोशनी संबंधी शिकायतों का भी मौके पर ही निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त पत्रावलियों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को तत्काल निर्देश दिए गए थे। निर्देशों की पालना करते हुए पालिका कार्मिकों ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर 24 जून को ही आवेदक को कृषि भूमि का पट्टा सौंप दिया। पट्टा प्राप्त करने वाले लाभार्थी ने राज्य सरकार और नगरपालिका प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहरी सेवा शिविर के माध्यम से बिना किसी परेशानी के उसका कार्य पूरा हो गया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर आमजन को राहत देने और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अधिशाषी अधिकारी शेखावत ने बताया कि 25 जून को वार्ड संख्या 10 एवं 11 के लिए भी नगरपालिका परिसर में शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि राज्य सरकार द्वारा अभियान के तहत दी जा रही विभिन्न छूटों का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा अपने पट्टे बनवाकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। शिविर में नगरपालिका के सुरजीम यादव, नरेन्द्र कुमार, मुकेश कुमार, सत्यनारायण शर्मा, राहुल शर्मा, तेजपाल, प्रवीण कुमार, राजकुमार गर्वा, अरविन्द कुमार, ममता, संजू कुमारी, सचिन कुमार एवं साहिल कायमखानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा आयुर्वेद विभाग से सुनीता कुमार, सीएचसी विभाग से सुमन कुल्हरी, आयुष विभाग से विकास महला, सामाजिक न्याय विभाग से विकास मील, पीएचईडी विभाग से सुरेश कुमार, एवीवीएनएल से देशराज तथा आरयूआईडीपी से जगदीश प्रसाद मीणा ने भी शिविर में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सहयोग किया। शहरी सेवा शिविर में त्वरित सेवाओं और मौके पर समाधान की व्यवस्था से आमजन में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।











