ट्रांजैक्शन ट्रेस कर 94,838 रूपये की राशि करवाई होल्ड, रिफंड प्रक्रिया शुरू
चूरू। साइबर अपराधियों द्वारा ओम कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के मोबाइल फोन को हैक कर एक लाख रुपये की ठगी करने के मामले में चूरू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को राहत दिलाई है। सदर थाना पुलिस की साइबर टीम ने ठगी की राशि को ट्रेस कर उसमें से 94,838 रूपये की राशि होल्ड करवाने में सफलता हासिल की है।पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सदर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ओम कॉलोनी निवासी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदन ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने उसके पिता का मोबाइल फोन हैक कर फोन-पे के माध्यम से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए।शिकायत प्राप्त होने के बाद सदर थाना के साइबर पोर्टल पर तैनात कांस्टेबल अनिल कुमार ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान ट्रांजैक्शन का तकनीकी विश्लेषण कर संबंधित बैंकों से संपर्क किया गया, जिसके बाद ठगी की राशि में से 94,838 रूपये को होल्ड करवाया गया।इसके बाद बैंक अधिकारियों और साइबर पोर्टल के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर न्यायालय के आदेशों की पालना में होल्ड राशि में से एक भाग पीड़ित के खाते में वापस दिलाया गया। शेष राशि को भी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वापस दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।पीड़ित ने समय पर कार्रवाई के लिए सदर थाना पुलिस और साइबर टीम का आभार जताया है।
साइबर ठगी से बचने के लिए रखें ये सावधानियां
-
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
-
ओटीपी, बैंक डिटेल्स और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
-
संदिग्ध कॉल या मैसेज आने पर सतर्क रहें।
-
मोबाइल में केवल विश्वसनीय ऐप ही डाउनलोड करें।
-
साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
-
तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।












