Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान से ही मजबूत होगा संगठन : मदन राठौड़

पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान से ही मजबूत होगा संगठन : मदन राठौड़

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने झुंझुनूं के वरिष्ठ नेता महेश बसावतिया का साफा पहनाकर किया सम्मान, संगठन की रीति-नीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर हुई चर्चा

जयपुर । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से झुंझुनूं के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी महेश बसावतिया ने शिष्टाचार भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष ने आत्मीयता का परिचय देते हुए बसावतिया को साफा पहनाकर सम्मानित किया तथा गले लगाकर उनका स्वागत किया। वहीं महेश बसावतिया ने भी प्रदेशाध्यक्ष को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर सम्मान व्यक्त किया। भेंट के दौरान भाजपा की संगठनात्मक रीति-नीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। महेश बसावतिया ने प्रदेशाध्यक्ष के समक्ष झुंझुनूं जिले के संगठनात्मक हालात तथा पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका का मुद्दा रखते हुए पूछा कि संगठन में वर्षों से कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं का स्थान और सम्मान किस प्रकार सुनिश्चित किया जाएगा। इस पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्पष्ट कहा कि भाजपा का आधार उसके समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ता हैं तथा संगठन में पुराने कार्यकर्ताओं के योगदान को सदैव सम्मान और महत्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और जनसेवा की भावना से ही संभव है। बैठक के दौरान प्रदेशाध्यक्ष और बसावतिया के बीच संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर अभिषेक जोशी (मंड्रेला), संदीप शर्मा (मंडावा), विनोद शर्मा (इंडाली), सुमेर सिंह कड़वासरा तथा राजेंद्र चौधरी (बगड़) सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement