चूरू में 60किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी आंधी, इसके बाद हुई बारिश से मिली गर्मी से राहत

चूरू। जिला मुख्यालय पर मंगलवार दोपहर को 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी आंधी आई। इसके बाद हुई हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर ढ़ाई बजे तक 8.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आंधी के कारण आसमान में धूल का गुब्बार छा गया। बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया और दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को चूरू येलो अलर्ट पर था। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में कहीं-कहीं तेज आंधी और बारिश की आशंका जताई थी। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान था। बारिश के बाद एक बार फिर उमस हुई, लेकिन लोगों को गर्मी का अहसास कम हुआ। हालांकि, बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन में लोगों को परेशानी हुई।