विभाजन की त्रासदी को कभी भुलाया नहीं जा सकता : विधायक सहारण

सूचना केंद्र में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रदर्शनी का आयोजन, 1947 के दर्द और विस्थापन की कहानी बयां कर रहे चित्र एवं दस्तावेज

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित सूचना केंद्र में जिला प्रशासन की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी, विस्थापित परिवारों के संघर्ष, पलायन की पीड़ा और उस दौर की ऐतिहासिक स्मृतियों को चित्रों एवं दस्तावेजों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।चूरू विधायक हरलाल सहारण, सीईओ श्वेता कोचर सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान अपने घर-बार और प्रियजनों से बिछड़ने वाले लोगों की पीड़ा को दर्शाया गया।

‘लाखों परिवारों ने अपनी जड़ें और घर खोए’

विधायक हरलाल सहारण ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि विभाजन की त्रासदी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। लाखों परिवारों ने उस दौरान अपनी जड़ें, घर और प्रियजनों को खो दिया। उन्होंने कहा कि विभाजन का दर्द कई परिवारों ने पीढ़ियों तक महसूस किया है।सहारण ने हर घर तिरंगा हस्ताक्षर अभियान के तहत हस्ताक्षर भी किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाना महत्वपूर्ण कदम है। इससे नई पीढ़ी को इतिहास के उस दौर की पीड़ा से परिचित होने का अवसर मिलता है और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प और मजबूत होता है।

14 अगस्त तक आमजन के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के बाद प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले और विस्थापन का दर्द झेलने वाले लोगों को स्मरण करना है।जनसंपर्क अधिकारी सूर्यकान्त कुमावत ने बताया कि सूचना केंद्र में लगाई गई यह दो दिवसीय प्रदर्शनी 14 अगस्त तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी देखने की अपील की।

राजीविका की तिरंगा स्टॉल बनी आकर्षण का केंद्र

प्रदर्शनी स्थल पर राजीविका की ओर से तिरंगा स्टॉल भी लगाई गई है। सीईओ श्वेता कोचर ने बताया कि स्टॉल पर राजीविका महिला अंजू देवी द्वारा तिरंगा और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने आमजन से स्टॉल से सामग्री खरीदकर ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की अपील की। एसीईओ भागचंद खारिया ने हर घर तिरंगा अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सुरेश सारस्वत, दौलत तंवर, नरेंद्र काछवाल, भास्कर शर्मा, दिनेश लाटा, देवराज लाटा, किशन उपाध्याय, विजय सारस्वत, राहुल शर्मा, शैलेन्द्र सोनी, देशदीपक किरोड़ीवाल, ललित चौहान, राजेंद्र सिंह शेखावत, मोहम्मद अली पठान, शैलजा राठौड़, हनुमान प्रसाद शर्मा, मनोज शर्मा, नरेश भाटी, नवरत्न प्रजापत, कुंजबिहारी बिरमीवाला, रामचंद्र गोयल, जसवंत मेड़तिया, मंगेज सिंह, चिरंजीव दइया, प्रदीप माली, दूलीचंद सोनी, संजय गोयल, लालचंद शर्मा और फरमान खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

वैज्ञानिक सोच को दें बढ़ावा, नवाचारों से समाज में हो सकारात्मक बदलाव : सुराणा