हेतमसर जनकल्याण शिविर में योजनाओं की गूंज, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित शिविर में पात्र लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

मण्डावा। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को ग्राम पंचायत मुख्यालय हेतमसर स्थित अटल सेवा केंद्र परिसर में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें राहत प्रदान की गई।शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना तथा आमजन को स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला उपाध्यक्ष इंजी.प्यारेलाल ढूकिया ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर खाता विभाजन, पट्टा वितरण सहित विभिन्न मामलों के समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को पोषाहार सामग्री तथा क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित की गई। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इंजी.प्यारेलाल ढूकिया ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से यह प्रयास किया जा रहा है कि गांवों की समस्याओं का समाधान गांव में ही हो, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से पात्र व्यक्तियों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। शिविर में उपखंड अधिकारी देवीलाल यादव, तहसीलदार डॉ. सुरेन्द्र भास्कर, ग्राम विकास अधिकारी अमित चौधरी, सीबीओ पवन कुमार, सरपंच खुशबू चौधरी, मण्डल अध्यक्ष विकास ईसरवाल, अभिमन्यु चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।