भीषण गर्मी में बार-बार बिजली गुल होने से कारोबार प्रभावित, स्थायी समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
चूरू। शहर के सुभाष चौक क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से व्यापारियों और दुकानदारों में रोष व्याप्त है। सोमवार दोपहर परेशान दुकानदार एकत्रित हुए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया।दुकानदारों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस मौसम में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बिजली कटौती के कारण ग्राहकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।व्यापारियों के अनुसार पिछले 10 से 12 दिनों से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। दिनभर में कई बार बिजली गुल होने से दुकानों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि लगातार कटौती के चलते इन्वर्टर भी कुछ समय बाद जवाब दे देते हैं, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।दुकानदारों ने आरोप लगाया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार विभागीय पोर्टल पर शिकायतें दर्ज करवाई गईं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।व्यापारियों ने मांग की कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किया जाए तथा अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।










