Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पटेल जयंती पर चिड़ावा में दौड़ा पुलिस का कारवां, 5 किमी मैराथन...

पटेल जयंती पर चिड़ावा में दौड़ा पुलिस का कारवां, 5 किमी मैराथन में दिखा जोश

सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर चिड़ावा में आयोजित 5 किलोमीटर पुलिस मैराथन में भाग लेते पुलिसकर्मी और युवा

पुलिस अधिकारियों-जवानों के साथ सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक और युवाओं ने लिया हिस्सा , स्वस्थ जीवन और जनसहभागिता का दिया संदेश

चिड़ावा।झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में झुंझुनूं जिला पुलिस की ओर से चिड़ावा कस्बे में 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ सीएलजी सदस्यों, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षकों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। दौड़ के जरिए आमजन को स्वस्थ रहने, खेलों के प्रति जागरूक होने और पुलिस के साथ जनसहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में आयोजित मैराथन में वृत्ताधिकारी चिड़ावा गौरव गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने भागीदारी निभाई। इस दौरान वृत्त कार्यालय चिड़ावा के स्टाफ सहित पुलिस थाना चिड़ावा के थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा पुलिस निरीक्षक, पुलिस थाना सूरजगढ़ के थानाधिकारी रामसिंह पुलिस निरीक्षक, पुलिस थाना मंड्रेला के थानाधिकारी कैलाश चंद उप निरीक्षक, पुलिस थाना पिलानी के इंचार्ज ओमप्रकाश सिंह सहायक उप निरीक्षक तथा पुलिस थाना सुलताना के इंचार्ज हवासिंह सहायक उप निरीक्षक अपने-अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहे।

5 किलोमीटर की मैराथन पिलानी बाईपास चिड़ावा से शुरू हुई। प्रतिभागी सूरजगढ़ बाईपास, सूरजगढ़ मोड़ और कबूतरखाना चिड़ावा होते हुए पुराने डिप्टी ऑफिस स्थित सीटी जिम के पास पहुंचे, जहां मैराथन का समापन हुआ। वृत्त चिड़ावा सर्किल के सीएलजी सदस्यों, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षकों एवं अन्य युवाओं की भागीदारी से मैराथन को जनसहभागिता का स्वरूप मिला। प्रतिभागियों में दौड़ को लेकर उत्साह नजर आया। मैराथन के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन को नियमित रूप से खेल एवं व्यायाम जैसी गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया। आयोजन के माध्यम से स्वास्थ्य, खेल, अनुशासन, एकता और पुलिस-जनसहभागिता का संदेश दिया गया।

Advertisement