Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं रिसोर्ट के बंद कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी

रिसोर्ट के बंद कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी

झुंझुनूं नगर निकाय चुनाव 2026 में मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील

चेकआउट समय पर नहीं मिला जवाब, खिड़की से झांकने पर फंदे से लटका मिला पिंटू; पुलिस ने शुरू की जांच

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के गुढ़ा रोड स्थित शेखावाटी रिसोर्ट एंड बार में शनिवार को एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। युवक शुक्रवार को रिसोर्ट में ठहरा था, लेकिन अगले दिन चेकआउट के निर्धारित समय पर कमरे से बाहर नहीं निकलने और फोन का जवाब नहीं देने पर होटल स्टाफ को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक का शव फंदे से लटका मिला। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पिंटू (27) पुत्र हीरालाल, निवासी भोजनगर (परसरामपुरा), थाना नवलगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया है कि पिंटू शुक्रवार को शेखावाटी रिसोर्ट एंड बार में ठहरने आया था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे उसका चेकआउट निर्धारित था। समय बीत जाने के बाद भी जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो होटल कर्मचारियों ने कमरे के इंटरकॉम पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद स्टाफ कमरे के बाहर पहुंचा और काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, मगर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। स्थिति संदिग्ध लगने पर होटल प्रबंधन ने तत्काल कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर हिदायत खान पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में कमरे के पीछे बनी खिड़की से अंदर देखा गया, जहां युवक का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। इसके बाद दरवाजा खुलवाकर पुलिस टीम कमरे में पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। परिजनों के पहुंचने के बाद उनकी मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया और राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सुसाइड नोट नहीं मिला, कारणों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहे, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा युवक के परिजनों एवं परिचितों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Advertisement