ब्रह्मचारी की कुटिया के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर दबिश, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
चिड़ावा I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिड़ावा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 139 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ चल रही मुहिम में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की । पुलिस के अनुसार 18 जून को कांस्टेबल महेन्द्र कुमार को सूचना मिली कि कस्बा चिड़ावा स्थित ब्रह्मचारी की कुटिया के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और उसके पास गांजा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक अधेड़ व्यक्ति हाथ में काले रंग की थैली लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने थैली छिपाने और वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामपाल पुत्र बुद्धराम, निवासी भगतों का मोहल्ला, वार्ड नंबर 38, चिड़ावा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से थैली में रखे 139 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया।आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच थानाधिकारी सूरजगढ़ रणजीत सिंह सेवदा द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी से गांजे की खरीद-फरोख्त और उसके स्रोत के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल महेन्द्र कुमार की सूचना और सक्रिय भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही। उनकी सतर्कता के चलते पुलिस को समय रहते कार्रवाई करने में सफलता मिली। कार्रवाई टीम में राजेन्द्र कुमार मीणा, थानाधिकारी, पुलिस थाना चिड़ावा , कैलाश चन्द्र, उपनिरीक्षक , योगेश कुमार, हेड कांस्टेबल , अमित सिहाग, कांस्टेबल एवं आसूचना अधिकारी महेन्द्र कुमार, कांस्टेबल , बाबूलाल, कांस्टेबल शामिल रहें I पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। चिड़ावा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।










