Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख की फिरौती मांगने वाला हार्डकोर अपराधी ‘ब्लेक’...

व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख की फिरौती मांगने वाला हार्डकोर अपराधी ‘ब्लेक’ गिरफ्तार

लीज धारक और परिवार को जान से मारने की दी थी धमकी, बगड़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बगड़ थाना पुलिस ने लीज धारक से व्हाट्सएप कॉल के जरिए 50 लाख रूपये की फिरौती मांगने और परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हार्डकोर अपराधी नितिश उर्फ नितेश उर्फ ब्लेक उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत तथा वृताधिकारी ग्रामीण हरि सिंह धायल के मार्गदर्शन में थाना बगड़ के थानाधिकारी गोपाल सिंह थालोर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।।पुलिस के अनुसार, माखर निवासी अरविंद कुमार ने 5 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह पहाड़ी क्षेत्र में लीज पर पत्थर खनन एवं विक्रय का कार्य करता है। 2 जून को उसके व्हाट्सएप नंबर पर आरोपी कालू पुनिया एवं नितिश उर्फ कालू ने कॉल कर 50 लाख रूपये की फिरौती की मांग की। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा तकनीकी और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नितिश उर्फ ब्लेक को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में अन्य आरोपियों और आपराधिक नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिरौती और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम में थानाधिकारी गोपाल सिंह थालोर, हेड कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल रामस्वरूप, संदीप कुमार, महेन्द्र कुमार एवं नरेन्द्र ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बगड़ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

Advertisement