डीएसटी और उदयपुरवाटी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, करीब 10 लाख रूपये का मादक पदार्थ बरामद
उदयपुरवाटी । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झुंझुनूं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना उदयपुरवाटी और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20.141 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 10 लाख रूपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत तथा वृताधिकारी नवलगढ़ मुकेश कुमार जोशी के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी उदयपुरवाटी रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम तथा डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा की टीम ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई संदिग्ध कार
पुलिस के अनुसार 12 जून को पुलिस थाना उदयपुरवाटी की टीम गश्त के दौरान पचलंगी चौकी पहुंची हुई थी। इसी दौरान डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा ने सूचना दी कि एक संदिग्ध स्विफ्ट कार मणकसास क्षेत्र में घूम रही है, जिसमें आपत्तिजनक सामग्री होने की संभावना है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी पचलंगी के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। नाकाबंदी के दौरान स्विफ्ट कार नंबर GJ-18-BP-0655 तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रूकवाकर तलाशी ली तो कार की डिग्गी में कट्टे में भरा हुआ 20.141 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन जब्त कर लिया।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान राजेश (28) पुत्र देवीसहाय, निवासी भांवरिया की ढाणी, झड़ाया नगर, थाना उदयपुरवाटी तथा अनिल सिंह (23) पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी तंवरों की ढाणी, पचलंगी, थाना उदयपुरवाटी को गिरफ्तार कर लिया I पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में गांजे की सप्लाई और तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजे के स्रोत और संभावित खरीदारों के संबंध में गहन जांच कर रही है Iझुंझुनूं पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










