पानी की सप्लाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश
खेतड़ी । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के गोठड़ा गांव के वार्ड संख्या 12 स्थित सोफिया स्कूल के पीछे पिछले कई दिनों से जलदाय विभाग की पाइपलाइन टूटने के कारण हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है वहीं पानी की पूरी व नियमित सप्लाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। विभाग की लापरवाही के चलते पानी लगातार गली-मोहल्लों में बह रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड 12 में पाइपलाइन के जॉइंट लीकेज की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इससे पहले भी कई बार पाइपलाइन में लीकेज होने से पानी व्यर्थ बह चुका है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। पिछले करीब 20 से 25 दिनों से दोबारा पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण हर बार पानी की सप्लाई के दौरान बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बहकर बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गोठड़ा में कुंभाराम नहर परियोजना के तहत पांच दिन में एक बार पानी की सप्लाई होती है। ऐसे में पानी की एक-एक बूंद कीमती है, लेकिन पाइपलाइन टूटने से सप्लाई का काफी हिस्सा गली में ही बह जाता है। इससे लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने जलदाय विभाग से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत करवाकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों को सुचारु जलापूर्ति मिल सके। इस संबंध में एक्सईएन सुनील कुमार ने बताया कि इस संबंध में आपके माध्यम से जानकारी मिली है, जल्द कर्मचारी को मौके पर भेजकर ठीक करवा दिया जाएगा।










