एग्जाम देने जा रही विवाहिता को डंपर ने रौंदा

3 माह के मासूम को घर छोड़ निकली थी बीएड छात्रा, पति जयपुर रेफर; आक्रोशित समाज ने शव लेने से किया इनकार

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में बीएड छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि डंपर महिला के शरीर के ऊपरी हिस्से को कुचलते हुए निकल गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में इंडाली बाइपास स्थित गोलाई मोड़ पंचदेव मंदिर के आगे बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि हादसे में सोलाना निवासी पूजा मेघवाल (24) की मौत हो गई, जबकि उसके पति मनजीत मेघवाल (29) गंभीर रूप से घायल हो गए I प्राथमिक उपचार के बाद मनजीत को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है।

पत्नी को एग्जाम दिलाने जा रहा था पति

जानकारी के अनुसार पूजा झुंझुनूं के कॉलेज से बीएड कर रही थी और बुधवार को उसका परीक्षा पेपर था। सुबह पति मनजीत उसे स्कूटी पर परीक्षा दिलाने के लिए लेकर निकला था। दोनों इंडाली गेट के पास गोलाई मोड़ पर पहुंचे ही थे कि सामने से आए तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूजा डंपर के नीचे आ गई और वाहन उसके कमर से ऊपर के हिस्से को कुचलता हुआ निकल गया। वहीं मनजीत उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

3 महीने के बेटे को घर छोड़कर निकली थी पूजा

परिजनों ने बताया कि पूजा का 3 महीने का मासूम बेटा है। परीक्षा होने के कारण वह बेटे को घर पर ही छोड़कर गई थी। घर पर उसकी सास बच्चे की देखभाल कर रही थी। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मनजीत पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करता है। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां और दो विवाहित बहनें हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया।

कार्रवाई की मांग को लेकर मॉर्च्यूरी के बाहर जुटे लोग

इधर, घटना के बाद मेघवाल समाज के लोग बड़ी संख्या में बीडीके अस्पताल की मॉर्च्यूरी के बाहर एकत्रित हो गए। समाज के लोगों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने तक शव लेने से इनकार कर दिया। पुलिस प्रशासन लोगों से समझाइश में जुटा रहा।