ईण्डाली में आरएलपी का शक्ति प्रदर्शन, 250 ग्रामीणों ने थामा पार्टी का दामन

पंचायती राज चुनाव में पूरे दमखम से उतरने का ऐलान, राजेंद्र फौजी बोले— महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल, मातृशक्ति की बड़ी भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले की ईण्डाली ग्राम पंचायत रविवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के शक्ति प्रदर्शन की साक्षी बनी। पार्टी की ओर से आयोजित कार्यकर्ता बैठक एवं सदस्यता अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में आरएलपी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र फौजी का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया, वहीं सैकड़ों की संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने उनका अभिनंदन कर आशीर्वाद दिया। बैठक के दौरान 250 ग्रामीणों ने आरएलपी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की सदस्यता ली, जिसे पार्टी ने क्षेत्र में संगठन के बढ़ते जनाधार का संकेत बताया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेंद्र फौजी ने राजस्थान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। डीजल-पेट्रोल सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने और आमजन को राहत देने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा आज भी रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से युवाओं में निराशा बढ़ रही है। वहीं किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जिससे खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों और युवाओं दोनों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है।
राजेंद्र फौजी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी है और आगामी पंचायती राज चुनाव पूरे प्रदेश में मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और आमजन के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान ईण्डाली ग्राम के 250 ग्रामीणों ने आरएलपी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी चर्चा का विषय रही और बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष ऊर्जा प्रदान की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशील डांगी, विकास गिल, जिला उपाध्यक्ष संदीप डारा, झुंझुनूं विधानसभा अध्यक्ष अशोक बराला, बास नानक ग्राम पंचायत के उपसरपंच सुनील शर्मा, अजीत, राजेश मील सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मनोज देग, आशीष, बाबूलाल लंबा, सुनील देग, सुल्तान, कपिल लंबा, मूलचंद, पंकज कड़वासरा, तेजल ग्रुप, अवधेश, सुमेर देग, राकेश लंबा, संदीप, राजीव मान, बाबूलाल शेखावत, भगवान सिंह देग एवं राजा देग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर पार्टी नेताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा आगामी पंचायती राज चुनाव में मजबूती से चुनाव लड़ने का संकल्प दोहराया।