बिना ओटीपी और लिंक क्लिक किए खाते से निकली रकम, पीड़ित ने साइबर सेल से लगाई गुहार
चूरू। शहर के वार्ड संख्या 27 निवासी एक युवक के दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल एक लाख 29 हजार रूपये निकलने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर फ्रॉड की आशंका जताते हुए कोतवाली थाना साइबर सेल से मामले की जांच और रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पीड़ित बिलाल कुरैशी ने बताया कि उसके मोबाइल पर न तो किसी प्रकार का ओटीपी आया और न ही उसने कोई संदिग्ध लिंक ओपन किया। इसके बावजूद उसके एक बैंक खाते से 95,000 रूपये निकल गए। वहीं उसकी पत्नी के बैंक खाते से भी 34,000 रूपये पार हो गए। बिलाल कुरैशी के अनुसार बैंक खाते से रकम कटने की जानकारी मिलने पर वह घबरा गया और तुरंत बैंक पहुंचकर अधिकारियों को मामले की सूचना दी। इसके बाद खातों को सुरक्षित करवाने की प्रक्रिया अपनाई गई। पीड़ित का कहना है कि बिना ओटीपी मैसेज या किसी लिंक पर क्लिक किए खाते से रुपए निकलना गंभीर साइबर फ्रॉड का मामला प्रतीत हो रहा है। मामले को लेकर कोतवाली थाना की साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवाई गई है।फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और साइबर धोखाधड़ी के पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।













