बकरीद पर शांति और सौहार्द बनाए रखने का संदेश, कोतवाली थाने में सीएलजी बैठक आयोजित
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
आगामी बकरीद (ईद-उल-अज़हा) एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाने को लेकर मंगलवार को पुलिस थाना कोतवाली झुंझुनूं में सीएलजी एवं शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका आरपीएस के सुपरविजन में किया गया।बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार झुंझुनूं महेन्द्र सिंह मूंड एवं कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने की।
इस दौरान सीएलजी सदस्य, शांति समिति सदस्य, ग्राम रक्षक, व्यापार मंडल प्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य संभावित समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों द्वारा रखी गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे, धार्मिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। साथ ही चेतावनी दी गई कि त्योहारों के दौरान शराब पीकर उत्पात मचाने, कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, धार्मिक या सामाजिक टिप्पणी पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में मौजूद गणमान्य नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया तथा शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। आपसी समन्वय और सहयोग के साथ त्योहार मनाने के संकल्प के साथ बैठक का समापन किया गया।










