खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी थाना पुलिस ने बंद मकानों में नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा थार डीआई जीप भी जब्त की है। मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी सोमवीर उर्फ मोटू से लाखों रुपए के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत (आरपीएस) के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी खेतड़ी जुल्फीकार अली (आरपीएस) के सुपरविजन में थाना अधिकारी मोहनलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार 12 जनवरी 2026 को वार्ड नंबर 19, लक्ष्मी टॉकीज के पास निवासी शीला पांडे ने खेतड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 11 जनवरी को वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे मकान पर ताला लगाकर जयपुर गई थीं। शाम करीब सात बजे वापस लौटने पर मकान के दोनों कमरों के ताले टूटे मिले तथा सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त थे। अज्ञात बदमाश नकदी, जेवरात और डीवीआर चोरी कर ले गए थे। प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने वांछित आरोपी जयसिंह पुत्र कल्याण सिंह (25) निवासी बंधा की ढाणी, तन पपुरना, थाना खेतड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा थार डीआई जीप भी जब्त कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी से चोरी किए गए माल तथा अन्य साथियों की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है। इससे पहले पुलिस आरोपी सोमवीर उर्फ मोटू को गिरफ्तार कर चुकी है। उसके कब्जे से करीब 4 लाख रुपए कीमत के सोने के कंगन, करीब 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, 90 हजार रुपए नकद तथा चोरी की रकम से खरीदा गया 60 हजार रुपए का मोबाइल फोन बरामद किया गया था। पुलिस कार्रवाई में मोहनलाल, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, खेतड़ी , महेश, हेड कांस्टेबल , पवन, हेड कांस्टेबल — विशेष योगदान , राजवीर, कांस्टेबल — विशेष योगदान , अनिल, कांस्टेबल की विशेष भूमिका रही I पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में चोरी और नकबजनी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।










