एनएसयूआई ने पीड़ित परिवार को सौंपा 11 लाख का चेक, बोले— पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ जारी रहेगी न्याय की लड़ाई
गुढ़ागौड़जी ।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद सदमे में आकर आत्महत्या करने वाले झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी के छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार को छात्र संगठन एनएसयूआई ने 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। मंगलवार को एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और पूर्व मंत्री राजकुमार शर्मा गुढ़ागौड़जी पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत छात्र के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा सहायता राशि का चेक सौंपा। परिजनों ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने बेटे को डॉक्टर बनाने का सपना संजोया था। इसके लिए परिवार ने करीब 11 लाख रुपए का कर्ज लेकर प्रदीप को नीट की तैयारी करवाई। परिवार को उम्मीद थी कि प्रदीप डॉक्टर बनकर घर की परिस्थितियां बदलेगा और परिवार का नाम रोशन करेगा। बताया गया कि प्रदीप ने पूरी मेहनत और लगन से परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन परीक्षा के बाद सामने आई पेपर लीक की खबरों से वह गहरे मानसिक आघात में चला गया।
इसी सदमे में उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।।इस मौके पर विनोद जाखड़ ने कहा कि यह 11 लाख रुपए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि देशभर का छात्र समाज और एनएसयूआई इस पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।उन्होंने कहा कि प्रदीप की मौत केवल आत्महत्या नहीं, बल्कि भ्रष्ट व्यवस्था की विफलता का परिणाम है। जब तक पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।जाखड़ ने बताया कि जब वे पहले परिवार से मिलने आए थे, तब उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से फोन पर परिजनों की बात करवाई थी। राहुल गांधी ने परिवार को सांत्वना देते हुए न्याय की इस लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया था। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देशभर के एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सहयोग राशि एकत्रित कर परिवार को यह सहायता राशि प्रदान की है। पूर्व मंत्री डा. राजकुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए तथा दोषियों को ऐसी कड़ी सजा मिले, जिससे भविष्य में किसी अन्य छात्र को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, एनएसयूआई कार्यकर्ता और छात्र नेता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत प्रदीप मेघवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पेपर लीक प्रकरण में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।










