लिंग जांच करने के बाद महिला को वापस छोड़ने गया तो पुलिस ने दबोचा
खेतड़ी I झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पीसीपीएनडीटी नारनौल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रूण लिंग जांच करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने सिंघाना थाना क्षेत्र के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि मामले में शामिल दो आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी लिंग जांच करने के बाद वापस महिला को छोड़ने गया तो पुलिस ने गोद बलाहा के पास उसे दबोच लिया। नारनौल डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. हर्ष चौहान ने बताया कि 21 मई को पीसीपीएनडीटी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा-राजस्थान सीमा क्षेत्र में भ्रूण लिंग जांच का अवैध धंधा चल रहा है। टीम ने एक गर्भवती महिला को डिकॉय मरीज बनाकर आरोपी से संपर्क कराया। आरोपी ने भ्रूण लिंग जांच के लिए 35 हजार रूपये मांगे। तय योजना के अनुसार महिला को आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर भेजा गया। आरोपी धंतर निवासी कलगांव थाना सिंघाना अपनी बाइक पर महिला को लेकर एक सुनसान स्थान पर पहुंचा, जहां एक मुर्गी फार्म में भ्रूण लिंग जांच की गई। जांच के बाद आरोपी ने इशारों में गर्भ में पल रहे शिशु के लड़का होने की जानकारी दी। इसके बाद पीसीपीएनडीटी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को वापस छोड़ने गए आरोपी को गांव गोद के पास नेशनल हाईवे नंबर 11 के नीचे फ्लाइओवर पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नकदी, मोबाइल फोन, बाइक और अन्य सामान बरामद किया गया। डॉ. चौहान ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि गिरोह लंबे समय से हरियाणा और राजस्थान सीमा क्षेत्र में सक्रिय है। पीसीपीएनडीटी टीम ने आरोपी को नारनौल पुलिस के सुपुर्द कर दिया तथा आरोपी के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रतनपुरा में पेयजल संकट पर RLP का बड़ा प्रदर्शन, 60 दिन में समाधान नहीं तो आर-पार की लड़ाई
















