Advertisement
Home राजस्थान चूरू शास्त्रीजी के आदर्शों पर चलकर ही राष्ट्र निर्माण में दे सकते हैं...

शास्त्रीजी के आदर्शों पर चलकर ही राष्ट्र निर्माण में दे सकते हैं योगदान : विनय गोयनका

चूरू की सब्जी मंडी में लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते नगर परिषद सभापति विनय गोयनका

सब्जी मंडी में पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन, सादगी और ईमानदारी के जीवन को किया याद

चूरू। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को सब्जी मंडी स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने शास्त्रीजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने शास्त्रीजी के सादगीपूर्ण जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

सभापति विनय गोयनका ने कहा कि लालबहादुर शास्त्री का संपूर्ण जीवन सादगी, ईमानदारी, त्याग और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश का कुशल नेतृत्व करते हुए राष्ट्रीय एकता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शास्त्रीजी ने अपने विचारों और कार्यों से देशवासियों के सामने आदर्श स्थापित किए।उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी का प्रसिद्ध नारा ‘जय जवान, जय किसान’ देश की सुरक्षा में जुटे जवानों और अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसानों के सम्मान एवं महत्व को दर्शाता है। यह नारा आज भी देशवासियों को उनके योगदान का स्मरण कराता है।

युवा पीढ़ी शास्त्रीजी के जीवन से ले प्रेरणा

गोयनका ने कहा कि शास्त्रीजी का जीवन हमें सिखाता है कि पद और प्रतिष्ठा से अधिक महत्वपूर्ण व्यक्ति के विचार, व्यवहार और देश के प्रति समर्पण होता है। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ समाज एवं राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री को याद करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल प्रभारी सुरेश सारस्वत, बाबू पाटिल, पार्षद राजेश रक्षक, संजय खेमका, ओम महर्षि, बीरबल गोदारा, बाबू सैनी सहित अनेक गणमान्यजन एवं शहरवासी उपस्थित रहे।

Advertisement