जैव विविधता संरक्षण समय की सबसे बड़ी जरूरत, हर जन्मदिन पर लगाएं एक पौधा – विजेंद्र कुमार

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय झुंझुनूं के तत्वावधान में जे.के. मोदी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन अभिरूचि कला-कौशल प्रशिक्षण शिविर के दौरान गुरूवार को विश्व जैव विविधता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम विजय डारा जिला पर्यावरण संयोजक के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमावत की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता व्याख्याता विजेंद्र कुमार ने जैव विविधता संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि पक्षियों के संरक्षण के लिए घरों व सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे, घोंसले एवं पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल और जीवितता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी के बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने के लिए सघन वृक्षारोपण आवश्यक है तथा फलदार पौधे लगाने से पक्षियों को भी संरक्षण मिलेगा। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) जयपाल सिंह मीणा ने वर्षा जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बारिश के पानी का संग्रहण कर उसका उपयोग किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए पॉलिथीन का बहिष्कार करने की अपील की। मुख्य अतिथि विजय डारा ने पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त वातावरण स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। वहीं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमावत ने पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न आयामों पर विस्तार से जानकारी दी। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुनीता यादव ने शिविरार्थियों से अपनी रूचि के अनुरूप विशेष कौशल विकसित करने का आह्वान किया। इस दौरान विजेंद्र कुमार ने प्लास्टिक कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए “प्लास्टिक ब्रिक्स” बनाने की जानकारी देते हुए कहा कि पॉलिथीन को इधर-उधर फेंकने के बजाय बोतलों में भरकर उपयोग किया जाए, जिससे पर्यावरण एवं पशु-पक्षियों को नुकसान से बचाया जा सके।

पोस्टर व मुखौटा प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा

सी.ओ. स्काउट महेश कालावत ने बताया कि विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर मुखौटा निर्माण एवं जैव विविधता संरक्षण विषयक पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुखौटा प्रतियोगिता में सुहाना, सना, खुशबू एवं साजिया खान ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में यशस्वी झीरवाल, जास्मीन, आसमा एवं अप्सरा विजेता रहे। विजेताओं को आगामी विश्व पर्यावरण दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में ग्राम विकास विभाग संयोजक चिरंजीलाल शर्मा सहित संचालक दल के रामचंद्र मीणा, अंजू सैनी, सरिता, समदर लाल सैनी, रामसिंह कुलहरी, दिनेश कुमार, संजू कुमावत एवं रोहित मील सहित अनेक शिविरार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक संचालक रामसिंह कुलहरी ने किया।

रतनपुरा में पेयजल संकट पर RLP का बड़ा प्रदर्शन, 60 दिन में समाधान नहीं तो आर-पार की लड़ाई