आरोपी की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर के इंडाली रोड पर तेज रफ्तार ऑल्टो कार की टक्कर से घायल हुए 8 वर्षीय मासूम धोलू की इलाज के दौरान मौत हो गई। मासूम की मौत से गुस्साए परिजन और बावरिया समाज के लोग शुक्रवार सुबह हादसे वाली जगह पर शव रखकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। जानकारी के अनुसार 20 मई को इंडाली रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे बनी छोटी होद (कुंड) में नहाकर लौट रहे धोलू को तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने टक्कर मार दी थी। हादसा दोपहर करीब 1:40 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि धोलू अपने भाई सुरेश के साथ सड़क पार करने के लिए खड़ा था। सुरेश आगे निकल गया, जबकि पीछे से झुंझुनूं की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने धोलू को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम करीब 40 फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल बच्चे को तुरंत बीडीके अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। 21 मई को जयपुर में उपचार के दौरान धोलू ने दम तोड़ दिया। मासूम का शव झुंझुनूं पहुंचने के बाद शुक्रवार सुबह परिजन और समाज के लोग हादसे वाली जगह पर एकत्रित हुए और सड़क पर शव रखकर शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया ॥ प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपी चालक गिरफ्तार नहीं होगा और परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने के दौरान माहौल भावुक हो गया। मासूम की दादी बिलखते हुए बोलीं, “हमारे घर का चिराग बुझ गया। हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए। जिसने मेरे बच्चे को मारा है, उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए।” परिजनों ने बताया कि धोलू के पिता सादुल का पहले ही निधन हो चुका है। पिता की मौत के बाद उसकी मां कमला का सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार देवर से विवाह हो गया था। धोलू अपनी दादी के पास ही रहता था और दादी ने ही उसका पालन-पोषण किया था। चार भाई-बहनों में वह दूसरे नंबर पर था। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी मांगीलाल ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीके अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा फरार वाहन और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
रतनपुरा में पेयजल संकट पर RLP का बड़ा प्रदर्शन, 60 दिन में समाधान नहीं तो आर-पार की लड़ाई


















