फॉर्च्यूनर लूटकर किया था अपहरण, 20 लाख की फिरौती मांगने वाले गिरोह पर मुकुंदगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुकुंदगढ़ I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले की मुकुंदगढ़ थाना पुलिस ने डकैती, अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3-3 हजार रूपए के इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर फॉर्च्यूनर गाड़ी लूटकर दो युवकों का अपहरण किया था तथा परिजनों से 20 लाख रूपए की फिरौती मांगी थी। झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी महावीर सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी ताराचंद के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जयपुर से लौटते समय किया था हमला
पुलिस के अनुसार भोजासर निवासी रामनिवास ने 19 मार्च 2026 को मुकदमा दर्ज करवाया था। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भाई सुरेंद्र और महिपाल फॉर्च्यूनर गाड़ी से जयपुर गए थे। रात में वापस लौटते समय घोड़ीवारा कलां स्कूल के पास एक बलेनो कार ने उनकी गाड़ी के आगे वाहन लगाकर रोक लिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर फॉर्च्यूनर का शीशा तोड़ा, फायरिंग की और दोनों युवकों का अपहरण कर लिया। इसके बाद परिजनों को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर 20 लाख रूपए की फिरौती मांगी गई। परिजनों ने गाड़ी की जीपीएस लोकेशन ट्रेस की, जो हरियाणा के लुहारू क्षेत्र में मिली। सूचना मिलने पर हरियाणा पुलिस ने पीड़ितों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पहले तीन आरोपी पकड़े, अब दो और गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुकुंदगढ़ पुलिस ने विशेष टीम गठित कर झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़ तथा हरियाणा के लुहारू क्षेत्र में लगातार दबिश दी। जांच के दौरान 24 मार्च 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से बुधवार को दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा निवासी 19 वर्षीय लक्ष्य कुमार तथा 20 वर्षीय आदित्य शामिल हैं। दोनों आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। कार्रवाई में थानाधिकारी ताराचंद, एएसआई सुनील कुमार, कांस्टेबल मुल्तानाराम, बाबूलाल तथा प्रदीप कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे बड़ी सफलता बताया।


















