Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं वार्ड 28 में टीम गणेश राज बंसल के प्रत्याशी शुभेंदु सिंह शेरी...

वार्ड 28 में टीम गणेश राज बंसल के प्रत्याशी शुभेंदु सिंह शेरी के चुनावी कार्यालय का भव्य शुभारंभ

विधायक बंसल ने नुक्कड़ सभा को किया संबोधित, बोले—शहर के विकास की रफ्तार को थमने न दें, शुद्ध पेयजल पाइपलाइन का दिया भरोसा

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
नगर परिषद चुनाव के तहत वार्ड नंबर 28 में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। ‘टीम गणेश राज बंसल’ के प्रत्याशी शुभेंदु सिंह शेरी के मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन स्थानीय विधायक गणेश राज बंसल ने विधिवत फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजित नुक्कड़ सभा में बड़ी संख्या में वार्डवासियों और समर्थकों ने हिस्सा लिया और प्रत्याशी का गर्मजोशी से स्वागत किया।नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए विधायक गणेश राज बंसल ने वार्डवासियों के साथ अपने पुराने संबंधों और नगर परिषद में किए गए कार्यों को साझा किया। उन्होंने कहा, “लगभग 6 वर्ष पूर्व आपने नगर परिषद बोर्ड की बागडोर मुझे सौंपी थी। जनता के इस विश्वास पर खरा उतरते हुए मैंने पूरे शहर में बिना किसी भेदभाव के चौमुखी विकास कार्य करवाए।

वार्ड नंबर 28 में जिस जगह पहले गंदगी के भारी अंबार लगे रहते थे, वहां भव्य ‘श्री खंडा साहिब चौक’ का निर्माण करवाकर क्षेत्र को एक नई पहचान दी गई।” विधायक बंसल ने आगे कहा कि वार्ड की हर गली में पक्की सड़कों, सुव्यवस्थित नालियों और आधुनिक स्ट्रीट लाइटों का पुख्ता प्रबंध किया गया है। शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए जितने काम इस दौरान हुए, उतने पहले किसी भी सभापति या विधायक के कार्यकाल में नहीं देखे गए। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि विकास की इस निरंतर चल रही रफ्तार को बनाए रखने के लिए शुभेंदु सिंह शेरी को भारी मतों से विजयी बनाकर नगर परिषद बोर्ड में भेजें, ताकि वे वार्ड की समस्याओं और जनता की आवाज को मजबूती से उठा सकें।

भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए विधायक ने वादा किया कि आने वाले समय में पूरे शहर में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाकर हर घर तक शुद्ध व स्वच्छ पानी पहुंचाने की ठोस व्यवस्था की जाएगी व साथ ही बरसाती पानी की निकासी के लिए योजनाबद तरीके से योजना बनकर शहर में जल भराव की समस्या का स्थाई हल किया जाएगा । कार्यालय उद्घाटन और सभा के दौरान वार्ड के गणमान्य नागरिकों, युवाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर प्रत्याशी शुभेंदु सिंह शेरी को पूर्ण समर्थन देने का संकल्प दोहराया।

Advertisement